जन्मजात प्राकृतिक नेता... पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी कारोबारी की भविष्यवाणी, फिर प्रधानमंत्री बनेंगे मोदी
Indian Election News: भारत में चार चरण के चुनाव हो चुके हैं और तीन चरण के चुनाव और होने बाकी हैं। भारत में चल रहे चुनाव पर पूरी दुनिया की नजर है, क्योंकि भारत दुनिया का सबसे विशालकाय लोकतंत्र है।
भारत में हो रहे चुनाव को लेकर प्रमुख पाकिस्तानी-अमेरिकी व्यवसायी ने कहा है, कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी एक मजबूत नेता हैं, जो भारत को नई ऊंचाइयों पर ले गए हैं और वह तीसरी बार देश के पीएम के रूप में लौटेंगे।

पाकिस्तानी मूल के व्यवसाई की ख्वाहिश
बाल्टीमोर स्थित पाकिस्तानी अमेरिकी व्यवसायी साजिद तरार ने कहा है, कि नरेन्द्र मोदी न सिर्फ भारत के लिए, बल्कि क्षेत्र और दुनिया के लिए अच्छे नेता हैं और उम्मीद है, कि पाकिस्तान को भी उनके जैसा नेता मिलेगा।
साजिद तरार ने कहा, कि "मोदी एक अद्भुत नेता हैं। वह जन्मजात नेता हैं। वह एक ऐसे प्रधान मंत्री हैं, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में पाकिस्तान का दौरा किया और अपनी राजनीतिक पूंजी को जोखिम में डाला। मुझे उम्मीद है, कि मोदी जी पाकिस्तान के साथ बातचीत और व्यापार शुरू करेंगे।''
उन्होंने आगे कहा, कि "एक शांतिपूर्ण पाकिस्तान, भारत के लिए भी अच्छा है।" तरार ने एक सवाल के जवाब में कहा, "हर जगह लिखा है कि मोदी जी भारत के अगले प्रधानमंत्री होंगे।"
आपको बता दें, कि साजिद तरार का जन्म पाकिस्तान में हुआ था और वो 1990 के दशक में अमेरिका चले गए और अभी भी सत्तारूढ़ पाकिस्तानी प्रतिष्ठान के साथ अच्छी तरह से जुड़े हुए हैं। साजिद तरार अमेरिका में पाकिस्तानी लॉबी का अहम चेहरा हैं और उन्होंने ख्वाहिश जताई है, नरेन्द्र मोदी को फिर से भारत का प्रधानमंत्री बनना चाहिए।
साजिद तरार ने कहा, कि "यह देखना किसी चमत्कार से कम नहीं है, कि 97 करोड़ से ज्यादा भारतीय मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। भारत सबसे बड़ा और विशालकाय लोकतंत्र है। मैं वहां मोदी जी की लोकप्रियता देख रहा हूं और 2024 में भारत का उदय अद्भुत है। यह एक ऐसी कहानी है, जो बताने लायक है। और आप भविष्य में देखेंगे, कि लोग, भारतीय लोकतंत्र से काफी कुछ सीख रहे हैं।"
पीओके में विरोध प्रदर्शन पर क्या बोले?
एक सवाल के जवाब में तरार ने कहा, कि पाकिस्तान आर्थिक संकट से गुजर रहा है, जिसके परिणामस्वरूप पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) सहित देश के कई हिस्सों में सामाजिक अशांति पैदा हो गई है।
उन्होंने कहा, कि "पाकिस्तान आर्थिक संकट से गुजर रहा है। महंगाई काफी ज्यादा है। पेट्रोल के दाम ऊंचे हैं। आईएमएफ टैक्स बढ़ाना चाहता है और बिजली के दाम बढ़ गए हैं। हम निर्यात करने में सक्षम नहीं हैं।" उन्होंने आगे कहा, कि "पीओके में विरोध मुख्य रूप से बिजली बिलों में बढ़ोतरी के कारण है।"
उन्होंने पीओके के लोगों को आर्थिक मदद देने के पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के फैसले पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, कि "सब्सिडी के लिए पैसा कहां से आने वाला है? अभी शहबाज सरकार आईएमएफ से एक और नये सहायता पैकेज पर चर्चा कर रही है। पाकिस्तान वित्तीय संकट से गुजर रहा है, तो फिर आप पीओके के लोगों को सब्सिडी देने के लिए कहां से पैसे लाएंगे?"
उन्होंने कहा, कि "अफसोस की बात है, कि जमीनी स्तर के मुद्दों को हल करने के लिए कोई कोशिश नहीं की जा रही है, जैसे पाकिस्तान का निर्यात कैसे बढ़ाया जाए, आतंकवाद पर कैसे काबू पाया जाए और कानून व्यवस्था कैसे सुधारी जाए। फिलहाल पाकिस्तान में कश्मीर (पीओके) जैसी अशांति है और राजनीतिक अस्थिरता है।"
तरार ने कहा, हम चाहते हैं कि हमें कोई ऐसा नेतृत्व मिले, जो हमें इन सभी मुद्दों से दूर देश को नेक्स्ट लेवल पर ले जाए।












Click it and Unblock the Notifications