किस देश की हैं OpenAI की नई CEO मीरा मूर्ति? भारत से दूर-दूर तक नहीं है कोई कनेक्शन
ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन को हटाए जाने के बाद मीरा मुराती को कंपनी का जिम्मा सौंपा गया है। मीरा मुराती(मूर्ति) अब बतौर अंतरिम CEO के रूप में कंपनी संभालेंगी।
मीरा मुराती OpenAI कंपनी की मुख्य तकनीकी अधिकारी (CTO) भी रही हैं और उन्होंने ChatGPT को बनाने में अहम भूमिका निभाई है। मीरा ने 2018 में टेस्ला कंपनी छोड़ने के बाद OpenAI को ज्वाइन किया था।

OpenAI एक बयान में कहा कि मीरा मुराती इस भूमिका के लिए विशिष्ट रूप से योग्य हैं। हम चीफ टेक्नॉलॉजी ऑफिसर मीरा मुराती को अंतरिम CEO नियुक्त कर रहे हैं। इसके साथ ही हम इस पद को संभालने के लिए स्थाई CEO की तलाश भी कर रहे हैं।
इसी साल की शुरुआत में मीरा मुराती ने ChatGPT से जुड़े खतरों को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि एआई का दुरुपयोग किया जा सकता है।
मिली जानकारी के मुताबिक मीरा मुराती का जन्म 1988 में अल्बानिया के वोलेरे में हुआ था। उनका पालन-पोषण अमेरिका के सैन फ्रैंसिस्को में हुआ है। उनकी शिक्षा-दीक्षा कनाडा के वैंकूवर में स्थित पियर्सन कॉलेज UWC में हुई। यहां से उन्होंने 2007 में डिप्लोमा करने के बाद मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की।
अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद मुराती ने अपने करियर की शुरुआत 2011 में इंटर्न के तौर पर गोल्डमैन सैश में की थी।इसके बाद 2012 से 2013 तक उन्होंने जोडियक एयरोस्पेस में काम किया। साल 2013 से 2016 तक उन्होंने टेस्ला के साथ काम किया, वो टेस्ला के मॉडल एक्स की सीनियर प्रोडक्ट मैनेजर रह चुकी हैं।
मीरा मुराती OpenAI में रिसर्च और प्रोडक्ट समेत कई अन्य विभागों में काम कर चुकी हैं। 2022 में ChatGPT के लॉन्च के बाद मीरा सुर्खियों में रही थीं। मीरा ने OpenAI को 2018 में ज्वाइन किया था। इस दौरान वह ChatGPT, डाली और कोडेक्स पर कंपनी के काम का नेतृत्व किया।
न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, उनके नाम को लेकर लोग उन्हें भारत से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि, उनका सरनेम अल्बानियाई जड़ों को दिखाता है। ऑनलाइन उनके बारे में ऐसा कुछ भी नहीं है जिससे यह साबित होता हो कि वह भारतीय हैं।
अधिकांश वेबसाइट्स जिन्में अलबानिया की वेबसाइट्स भी शामिल हैं उन्हें अल्बानियाई मानती हैं। यह सच है कि मीरा भारत में प्रसिद्ध नाम है मगर ये नाम कई भाषआओं और संस्कृतियों से भी जुड़ा है। अरबी, अल्बानियाई, हिब्रू, लैटिन, स्लाविक, कोरियाई, फिनिश, जापानी और तुर्की भाषा में भी इस नाम का जिक्र मिलता है।
लैटिन में मीरा का अर्थ शांति, महासागर, महिला शासक या प्रशंसनीय बताया जाता है। अमेरिका में स्लाव और इतावली मूल के लोगों के बीच ये नाम काफी चर्चित है। हॉलीवुड में तो मीरा सोर्विनो नाम की एक चर्चित अभिनेत्री भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications