पुलिस को खरी-खोटी सुनाने के लिए बुजुर्ग ने 9 दिन में किया 2060 बार फोन
जापान में एक बुजुर्ग ने पुलिस को खरी-खोटी सुनाने के लिए 9 दिन में किया 2060 बार फोन। आखिरकार पुलिस ने किया गिरफ्तार

दुनिया भी अजीबोगरीब लोगों से भरी पड़ी है। यूं तो पुलिस का गठन लोगों को किसी भी तरह की हिंसा से बचाने के लिए किया गया था, लेकिन क्या आपने कभी सोचा था कि कोई पुलिस को ही शोषित करने लगे तो क्या होगा। जापान में लोगों को अलग-अलग तरह के शोषण से बचाने के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन की शुरुआत की थी। लेकिन एक व्यक्ति ने पुलिस पर अपनी भड़ास निकालने के लिए 2060 बार कॉल किया। महज 9 दिन के भीतर इस व्यक्ति ने पुलिस को हजारो बार कॉल किया और उसपर अपनी भड़ास निकाली।
सैतमा प्रीफैक्चरल पुलिस के हेडक्वार्टर पर एक व्यक्ति ने हजारो बार कॉल किया और फोन पर उसने पुलिसवालों को काली दी। इस व्यक्ति ने पुलिस को फोन किया और उसे टैक्स चोरी करने वाला और पागल कहा। इस व्यक्ति ने ना सिर्फ फोन पर पुलिसवालों को अपशब्द कहे बल्कि काफी कुछ उल्टा सीधा भी कहा और धमकी तक दी। आरोपी व्यक्ति ने 30 सितंबर से 8 अक्टूबर के बीच 2060 बार कॉल किया। यानि व्यक्ति ने औसतन हर 6 मिनट पर पुलिसवालों को फोन किया, यही नहीं तकरीबन 27 घंटे तक वह फोन पर रहा और पुलिसकर्मियों को अपशब्द कहता रहा।
लेकिन आखिरी कॉल के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की और उसे पुलिस के काम में बाधा डालने का आरोपी पाया। 28 नवंबर को 67 वर्षीय बुजुर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने कावागुची शहर से गिऱफ्तार किया। गिरफ्तार होने के बाद आरोपी ने कहा कि मुझे पता था कि एक दिन पुलिस मेरे पास आएगी। हालांकि इस व्यक्ति ने क्यों इतनी बार कॉल की यह स्पष्ट नहीं है। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को यह पता चला कि आरोपी यह काम सालों से कर रहा था। लेकिन पिछले महीने उसने अपनी इस हरकत को काफी बढ़ा दिया था।
जापान में इसी तरह की घटना 2019 में भी हुई थी, जब 71 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने टेलीकॉम ऑपरेटर को 24000 बार कॉल करके गाली-गलौज की। इसके अलावा 48 वर्षीय युवक ने 9000 बार ट्रेन टिकट को बुक किया और उसे कैंसल किया। बहरहाल जिस तरह से जापान में इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं उसे देखते हुए इस बात की मांग हो रही है कि तकनीक के जरिए इस तरह की हरकतों को रोका जाए।












Click it and Unblock the Notifications