October 7 Attack Anniversary: हमास के कब्जे में अभी और कितने इजराइली बंधक हैं? क्या उनके बचने की उम्मीद है?
On the anniversary of the October 7 attack, the fate of remaining Hamas hostages is uncertain, with Israel confirming 64 individuals may still be alive. The conflict continues amid ongoing military operations.
October 7 Attack Anniversary: आज ही के दिन 7 अक्टूबर को पिछले साल हमास ने दक्षिणी इजराइल पर बर्बर हमला किया था और 1200 लोगों की हत्या करने के बाद 251 लोगों को बंधक बना लिया था। हमास के आतंकी इन बंधकों को गाजा पट्टी ले गये थे और उसके बाद से इजराइल, गाजा पट्टी में जंग लड़ रहा है।
बंधक बनाए गए 251 इजराइली और विदेशियों में से 100 से ज्यादा को रिहा कर दिया गया है। कुछ की मौत हो गई है और 64 लोगों का भविष्य अभी भी अधर मैं है। बंधकों के परिवार अपने प्रियजनों की खबर का इंतजार कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ इजराइल लगातार गाजा पट्टी में बमबारी कर उसे तबाह कर रहा है। हमास के साथ इजराइल के युद्ध में 41,500 फिलिस्तीनी मारे गए हैं और 96 हजार लोग घायल हुए हैं।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने सबसे बड़े सहयोगी अमेरिका के दबाव के बावजूद युद्ध विराम की मांग को खारिज कर दिया है। गाजा पर शासन करने वाले हमास के लिए, बंधक इजराइल की जेलों में बंद फिलिस्तीनी कैदियों की रिहाई के बदले इजराइल के साथ युद्ध विराम के लिए महत्वपूर्ण सौदेबाजी के चिप्स हैं।
गाजा में बंधक बनाए गये लोगों को लेकर क्या जानकारियां हैं, आइये जानते हैं।

गाजा में अभी भी कौन लोग बंधक हैं?
7 अक्टूबर 2023 को हमास के आतंकवादियों द्वारा बंधक बनाए गए 251 लोगों में से 117 को रिहा कर दिया गया है, जिनमें ज्यादातर महिलाएं, बच्चे और विदेशी कर्मचारी हैं। नवंबर के अंत में एक हफ्ते के संघर्ष विराम के दौरान इनमें से ज्यादातर को इजराइली जेलों में बंद 240 फिलिस्तीनी कैदियों के बदले रिहा किया गया था।
एक साल बाद, इजराइल का मानना है कि गाजा में बंधक बनाए गए 64 लोग अभी भी जीवित हैं।
इजराइली सेना ने पुष्टि की है कि 70 अन्य लोग मारे गए हैं, जिनमें से 33 के शव अभी भी गाजा में हैं।
सेना ने 37 बंधकों के शवों को बरामद कर लिया है, जो या तो गाजा में मारे गए थे या 7 अक्टूबर को मारे गए थे और उन्हें इस क्षेत्र में ले जाया गया था। जिन 64 लोगों के जीवित होने की संभावना है, उनमें से 57 इजराइली नागरिक हैं, हालांकि उनमें से कुछ की एक से ज्यादा राष्ट्रीयताएं हैं। अन्य छह थाई नागरिक हैं और एक नेपाली नागरिक भी बंधक हैं।
बंधकों में 52 पुरुष और 10 महिलाएं, 11 सैन्यकर्मी और दो बच्चे हैं।

सबसे छोटा बंधक, केफिर, जब उसका अपहरण हुआ था, तब वह मात्र साढ़े आठ महीने का था। दूसरा उसका भाई एरियल है, जो गाजा ले जाए जाने के समय सिर्फ चार वर्ष का था। हमास ने कहा है कि दोनों बच्चे मर चुके हैं, लेकिन इजराइल ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
बंधकों की रिहाई क्या मुमकिन है?
1 दिसंबर को युद्धविराम खत्म होने के बाद से, सिर्फ सात अन्य बंधकों को जीवित मुक्त किया गया है, सभी इजराइली सैन्य अभियानों के दौरान मुक्त करवाए गये हैं। जीवन के कोई सबूत नहीं होने के कारण, इस बात पर अनिश्चितता बनी हुई है कि 64 अभी भी जीवित हैं या नहीं।
हमास की सशस्त्र शाखा ने 12 अगस्त को कहा था, कि उसके लड़ाकों ने एक इजराइली बंधक की गोली मारकर हत्या कर दी है और दो अन्य को घायल कर दिया है। हमास ने कई मौकों पर बंधकों की मृत्यु की घोषणा की है, जिसकी इजराइल ने पुष्टि नहीं की है, जिससे परिवार अनिश्चितता में हैं।

इजराइली मृतकों के शव भी गाजा ले गये थे हमास के आतंकी
7 अक्टूबर को हमास के आतंकवादी कई शवों को अपने साथ गाजा में ले गए, जिनमें 10 इजराइली सैनिकों के शव भी शामिल थे। युद्ध शुरू होने के बाद से इस क्षेत्र में कम से कम 28 अन्य बंधकों की मौत हो चुकी है।
15 दिसंबर 2023 को इजराइली सेना ने गलती से तीन लोगों को मार डाला था। उनके नाम योतम हैम (28 साल) समीर एल-तलालका और एलन शमरीज़ (26 साल) थे।
इजराइली सेना ने हमास पर अगस्त में छह अन्य लोगों को मारने का आरोप लगाया, जिनके नाम हर्श गोल्डबर्ग-पोलिन, कार्मेल गैट, एडेन येरुशालमी, अलेक्जेंडर लोबोनोव, अल्मोग सरुसी और ओरी डैनिनो थे। दक्षिणी गाजा के राफा में एक सुरंग में सैनिकों ने उन्हें मृत पाया।

म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान ज्यादातर अपहरण
ज्यादातर बंधकों को नीर ओज किबुत्ज़ और नोवा म्यूजिक फेस्टिवल पर हमले के दौरान अपहरण किया गया था। नीर ओज किबुत्ज़ में, 7 अक्टूबर को अपहरण किए गए कम से कम 76 बंधकों में से 40 को जीवित छोड़ दिया गया। अन्य 20 अभी भी गाजा में हैं और माना जाता है कि वे जीवित हैं। बाकी 16 की मृत्यु हो चुकी है।
माना जाता है कि उत्सव से म्यूजिक फेस्टिवल से अपहरण किए गये सिर्फ 17 लोग जीवित हैं और अभी भी गाजा में हैं।
नोवा से लिए गए कम से कम 43 बंधकों में से केवल नौ को ही रिहा किया गया है, जबकि 17 अन्य की मृत्यु हो गई है।
बंधकों की रिहाई को लेकर इजराइल में भारी विरोध प्रदर्शन हुए हैं और प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर बंधक समझौते को ना मानने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इजराइली प्रधानमंत्री ने साफ कर दिया है, कि जब तक हमास का सफाया नहीं हो जाता, तब तक इजराइली युद्ध जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications