Nuclear-Weapon States:5 देशों ने परमाणु युद्ध से बचने और हथियारों की होड़ रोकने का लिया संकल्प
नई दिल्ली,3 जनवरी: चीन, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका ने सोमवार को साझा बयान जारी कर संकल्प जारी किया है कि वे परमाणु युद्ध को रोकेंगे और हथियारों की होड़ को टालेंगे। इन पांचों परमाणु-हथियार संपन्न देशों के नेताओं की ओर से यह संकल्प जाहिर किया गया है। गौरतलब है कि ये पांचों देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के वीटो अधिकार प्राप्त स्थायी सदस्य भी हैं। इन्होंने परमाणु अप्रसार संधि को लेकर भी अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। सबसे बड़ी बात ये है कि संयुक्त बयान में यह बात भी कही गई है कि परमाणु युद्ध ना तो जीता जा सकता है और इसे कभी लड़ा भी नहीं जाना चाहिए।(तस्वीर- फाइल और सांकेतिक)

परमाणु युद्ध से बचने और हथियारों की होड़ रोकने का लिया संकल्प
पांचों देशों के नेताओं की ओर से जारी संयुक्त बयान में कहा गया है, 'चीन, फ्रांस, रूस, यूके और अमेरिका ने परमाणु हथियार संपन्न देशों के बीच में युद्ध टालने और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ रणनीतिक जोखिमों को कम करना तय किया है।' परमाणु युद्ध को रोकने और हथियारों की होड़ से बचने के लिए 5 परमाणु-हथियार वाले देशों के नेताओं की ओर से यह साझा बयान जारी किया गया है।
सुरक्षा परिषद के पांचों स्थाई सदस्यों का संकल्प
इन पांचों परमाणु हथियार संपन्न देशों के नेताओं की ओर से साझा बयान में कहा गया है कि 'हम दृढ़ता से कहते हैं कि परमाणु युद्ध कभी भी नहीं लड़ा जाना चाहिए। क्योंकि, परमाणु उपयोग के दूरगामी परिणाम होंगे, हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि जब तक परमाणु हथियार मौजूद हैं, तब तक उनसे रक्षात्मक उद्देश्यों की पूर्ति होनी चाहिए, युद्ध को रोकना चाहिए। '
सैन्य टकराव रोकने पर जोर
इस बयान के मुताबिक 'हमारा कोई भी परमाणु हथियार, एक दूसरे पर या किसी अन्य देश पर लक्षित नहीं है।' इन नेताओं ने बयान में यह दोहराया है कि 'एक परमाणु युद्ध जीता नहीं जा सकता है और कभी भी नहीं लड़ा जाना चाहिए।' इन देशों ने सैन्य टकराव को रोकने के लिए द्विपक्षीय और बहुपक्षीय राजनयिक उपायों को अपनाने पर जोर दिया है। इन्होंने सकारात्मक बातचीत और आपसी सम्मान के जरिए एक-दूसरे की सुरक्षा हितों और चिंताओं को निपटाने को लेकर भी सहमति जताई है।
एनपीटी को लेकर भी प्रतिबद्ध
यही नहीं संयुक्त बयान में यह भी कहा गया है कि 'हम परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) की अपनी जिम्मेदारियों को लेकर प्रतिबद्ध हैं। हम में से प्रत्येक का इरादा परमाणु हथियारों के अनधिकृत या अनपेक्षित इस्तेमाल को रोकने के लिए अपने राष्ट्रीय कदमों को बनाए रखने और उन्हें और मजबूत करने का है।'












Click it and Unblock the Notifications