Coronavirus: 8 जनवरी से चीन घरेलू यात्रियों के लिए अनिवार्य क्वारेंटीन को करेगा खत्म
चीन में घरेलू यात्रियों के लिए क्वारेंटीन में रहने की अनिवार्यता को खत्म किया जा रहा है। 8 जनवरी से घरेलू यात्रियों को क्वारेंटीन में नहीं रहना होगा।

Coronavirus: चीन 8 जनवरी से अपने घरेलू यात्रियों के लिए क्वारेंटीन में रहने की अनिवार्यता को खत्म करने जा रहा है। चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है। गौर करने वाली बातहै कि वर्ष 2020 से चीन में आंतरिक नागरिकों को भी क्वारेंटीन रहना अनिवार्य किया गया था। इसके अलावा अब चीन बी-कैटेगरी के कोरोना प्रोटोकॉल को लागू करेगा जोकि सामान्य तौर पर कम सख्त कोरोना प्रोटोकॉल है। स्वास्थ्य अधिकारियों की ओर से कहा गया है कि अब यह बीमारी कम खतरनाक और धीरे-धीरे सामान्य श्वसन संक्रमण में विकसित हो जाएगा।
चीन में कोरोना की शुरुआत के बाद से कई सख्त कदम उठाए गए हैं। लोगों को सख्त लॉकडाउन, जीरो टॉलरेंस, सीमा पर पूरी तरह से प्रतिबंध जैसे फैसले पिछले तीन सालों में चीन के नागरिकों के लिए मुश्किल का सबब रहे हैं। इसका असर चीन की अर्थव्यवस्था पर भी देखने को मिला है। यही वजह है कि मेनलैंड में बड़ी संख्या में लोग इसके खिलाफ सड़क पर उतरे और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन किया। यह शी जिनपिंग के खिलाफ उनके 2012 में सत्ता में आने के बाद से सबसे बड़ा प्रदर्शन था।
लेकिन चीन ने इस महीने अपनी नीति में बड़ा बदलाव किया है, एक साथ तमाम कोरोना प्रोटोकॉल को खत्म कर दिया, जिसकी वजह से देश के अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी और संक्रमण काफी तेजी से फैलने लगा है। इससे पहले घरेलू यात्रियों के लिए काफी सख्त नियम थे, जिसमे 5 दिन क्वारेंटीन में रहना अनिवार्य था। पांच दिन सरकारी जगह पर और 3 दिन घर पर क्वारेंटीन रहना अनिवार्य था, लेकिन अब इसे भी खत्म कर दिया गया है।
चीन में आने वाले यात्रियों को 48 घंटे पहले पीसीआर टेस्ट कराना होगा। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि इससे चीन में काम और व्यवसाय की स्थिति बेहतर होगी, जरूरी वीजा लोगों को मुहैया कराए जाएंगे। जल्द ही समुद्र और पोर्ट के जरिए लोगों को आने की अनुमति दी जाएगी, धीरे-धीरे बाहर से आने वाले नागरिकों के लिए भी नियमों में ढिलाई दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications