भारतीय मूल की निक्की हेली लड़ेंगी अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव, 15 फरवरी को दावेदारी का ऐलान, ट्रंप से है दुश्मनी
निक्की हेली डोनाल्ड ट्रंप की दावेदारी का विरोध कर चुकी हैं और कह चुकी हैं, कि रिपब्लिकन पार्टी को फिर से डोनाल्ड ट्रंप की उम्मीदवारी का समर्थन नहीं करना चाहिए।

Nikki Haley 2024 White House bid: अमेरिका की राजनीत में भारतीय मूल के नेता काफी तेजी से शिखर की तरफ बढ़ रहे हैं और 2020 में कमला हैरिस और तुलसी गबार्ड के बाद अब 2024 में 52 साल की रिपब्लिकन नेता निक्की हेली राष्ट्रपति चुनाव में अपनी दावेदारी पेश करने जा रही है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 15 फरवरी को निक्की हेली राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में शामिल होने के लिए अपनी दादेवारी का ऐलान करेंगी। डोनाल्ड ट्रम्प की सरकार में हिस्सा रहीं निक्की हेली ने संकेत दे दिया है, वो इसी महीने राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी दावेदारी पेश करने जा रही हैं।

निक्की हेली लड़ेंगी राष्ट्रपति चुनाव?
पिछले दिनों एक इंटरव्यू में निक्की हेली ने कहा था, कि उन्हें लगता है कि वह एक 'नई नेता' हो सकती हैं, जो देश को एक नई दिशा दे सकती हैं। बुधवार को, दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गवर्नर रह चुकी निक्की हेली के समर्थकों को एक ईमेल मिला है, जिसमें उन्हें चार्ल्सटन में 15 फरवरी को एक कार्यक्रम में आने का न्योता दिया गया है। वहीं, इस कार्यक्रम के संचालन से जुड़े एक व्यक्ति के मुताबिक, निक्की हेली इस कार्यक्रम के दौरान अपनी दावेदारी का ऐलान करने जा रही है, हालांकि उस व्यक्ति ने फिलहाल सार्वजनिक तौर पर इस कार्यक्रम को लेकर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है। हेली की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी का ऐलान करने की खबर सबसे पहले चार्ल्सटन के द पोस्ट एंड कूरियर द्वारा दी गई थी।

ट्रंप कार्यकाल में थीं गवर्नर
51 साल की निक्की हेली ने संयुक्त राष्ट्र में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के राजदूत के रूप में काम करने से पहले छह साल तक दक्षिण कैरोलिना के गवर्नर के रूप में काम किया था और अगर वो अपनी दावेदारी का ऐलान करती हैं, तो वो अपने पूर्व बॉस के खिलाफ ही चुनौती पेश करने वाली उम्मीदवार बन जाएंगी। डोनाल्ड ट्रंप पहले ही राष्ट्रपति चुनाव में अपनी दावेदारी का ऐलान कर चुके हैं और फिलहाल निक्की हेली ही एकमात्र रिपब्लिकन नेता है, जिन्होंने ट्रंप को चुनौती दी है। निक्की हेली ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र में काम किया था, लेकिन साल 2018 में ट्रम्प से कुछ मतभेदों के कारण उन्होंने राजदूत के पद से इस्तीफा दे दिया था। कई विश्लेषकों को लगता है, कि निक्की हेली ट्रम्प और रिपब्लिकन पार्टी के दूसरे सशक्त उम्मीदवार रॉन डिसैंटिस को कड़ी चुनौती दे सकती हैं।

भारतीय मूल की पहली पीढ़ी की नेता हैं निक्की
अमेरिका में अगला राष्ट्रपति चुनाव 5 नवंबर 2024 को होना है। निक्की हेली, भारतीय मूल की पहली पीढ़ी की अमेरिकी हैं और उन महिलाओं में से हैं, जो रंगभेद के खुले और छिपे भेदभाव के बीच भी राजनीति में टॉप पर पहुंच सकीं। पिछले महीने, राष्ट्रपति पद को लेकर अपनी दावेदारी के बारे में बात करते हुए निक्की ने कहा था, कि "मुझे लगता है कि मैं वह नेता हो सकती हूं? हां। लेकिन हम अभी भी कई चीजों पर काम कर रहे हैं, और हम आगे देखेंगे कि कुछ हो सकता है। मैं बता देती हूं कि मैंने कभी भी कोई चुनाव नहीं हारा है। मैं ये पहले भी कह चुकी हूं...और मैं अब भी कहती हूं। मैं हारने वाली नहीं हूं। लेकिन आगे देखते हैं क्या होता है।" लुइसियाना के साथी रिपब्लिकन बॉबी जिंदल के बाद भारतीय मूल की दूसरी गवर्नर हेली ने कहा, कि यह रिपब्लिकन पार्टी में नया नेतृत्व लाने का समय है।












Click it and Unblock the Notifications