Sleep paralysis:ओमिक्रॉन संक्रमितों में दिख रहा है नया लक्षण, रातें हो सकती हैं खौफनाक
लंदन, 4 जनवरी: ओमिक्रॉन जितनी तेजी से फैलता जा रहा है, उतनी ही तेजी से इसके नए-नए लक्षण भी सामने आ रहे हैं। अब ओमिक्रॉन संक्रमितों ने एक नए लक्षण की शिकायत की है, जिसे एक्सपर्ट स्लीप पैरालिसिस बता रहे हैं, जिसके चलते रातों की नींद हराम हो सकती है। ओमिक्रॉन से जुड़ा रात में सामने आने वाले एक और लक्षण पहले से भी देखा गया है, जिसमें रात में रोगियों को पसीने आते हैं। लेकिन, स्लीप पैरालिसिस वाला लक्षण बिल्कुल ही नया है और हो सकता है कि इसकी वजह से इंफेक्टेड लोगों को काफी परेशानी हो सकती है।

ओमिक्रॉन को लेकर लगातार नए अनुभव सामने आ रहे हैं
ओमिक्रॉन वेरिएंट को लेकर जैसे-जैसे नए अनुभव हो रहे हैं, इसको लेकर कई नई जानकारियां सामने आ रही हैं। इस बहुत ही ज्यादा संक्रामक वेरिएंट के लक्षण पहले से ही कोरोना के दूसरे वेरिएंट की तुलना में काफी अलग पाए जा चुके हैं। लेकिन, अब एक नया लक्षण देखने को मिल रहा है, जिससे इससे संक्रमित रोगियों की रातों की नींदें चौपट हो सकती हैं। मिरर की एक रिपोर्ट के मुतबाकि इंग्लैंड के नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) के अनुसार कोविड के सामान्य लक्षणों में तेज बुखार, लगातार खांसी, स्वाद और गंध का चला जाना या उसमें बदलाव है। लेकिन, ओमिक्रॉन के लक्षण इन तीनों मूल संकेतों से अलग पाए जा रहे हैं।

ओमिक्रॉन का नया लक्षण 'डरावने सपने' की तरह हो सकता है
एक्सपर्ट यह भी बता रहे हैं कि कोविड के नए स्ट्रेन की वजह से सामने आने वाले लक्षण बहुत ही हल्के और सामान्य सर्दी-जुकाम की तरह होते हैं। लेकिन, कुछ ओमिक्रॉन संक्रमितों ने एक नए लक्षण की जानकारी दी है, जिसकी व्याख्या 'डरावने सपने' की तरह की जा रही है। इससे पहले जी मिचलाना और भूख ना लगना जैसे नए लक्षण भी ओमिक्रॉन वेरिएंट के साथ जुड़ चुके हैं। लेकिन, जो सबसे नया लक्षण देखने को मिल रहा है, वह कुछ ज्यादा ही डरावना लग रहा है।

ओमिक्रॉन का रात में दिखने वाला लक्षण क्या है ?
नींद के दौरान किसी भी वक्त जब कोई महसूस करता है कि वह चल नहीं सकता या बोल नहीं सकता तो उस अवस्था को स्लीप पैरालिसिस कहते हैं। ओमिक्रॉन से पीड़ित कई लोगों ने खौफनाक स्लीप पैरालिसिस का अनुभव किया है। एनएचएस के अनुसार, 'स्लीप पैरालिसिस तब होता है जब आप नींद से जागते समय या नींद में जाते समय हिल-डुल नहीं सकते या बोल नहीं सकते।' हालांकि, इस लक्षण को ओमिक्रॉन से जोड़ा जा रहा है, लेकिन एक्सपर्ट का मानना है कि यह महामारी की वजह से तनाव बढ़ने और इसके चलते लाइफ स्टाइल में आए परिवर्तन की साइड-इफेक्ट से भी हो सकता है।

स्लीप पैरालिसिस में क्या होता है ?
स्लीप पैरालिसिस की स्थिति में व्यक्ति अपनी मांसपेशियों को हिला-डुला नहीं सकता, क्योंकि वे स्लीप मोड में होते हैं। जबकि, उनका मस्तिष्क सक्रिय होता है। यह नींद की किसी भी अवस्था में लोगों पर अटैक कर सकता है; और कभी-कभी मतिभ्रम की स्थिति भी पैदा कर सकता है। जैसे कि ऐसा महसूस हो कि कोई आपको नीचे धकेल रहा है। हालांकि, यह अनुभव खौफनाक हो सकता है, लेकिन एनएचएस ने भरोसा दिलाया है कि इससे नुकसान नहीं होता और ज्यादातर लोग इसे जीवन में एक या दो बार अनुभव करते हैं।

ओमिक्रॉन के सामान्य लक्षण क्या हैं ?
लक्षण ट्रैकर ऐप ZOE के मुताबिक ओमिक्रॉन के सामान्य लक्षणों में यह शामिल हैं-
- गले में खराश
- नाक से पानी चलना
- छींक आना
- मांसपेशियों में हल्का दर्द
- थकान

ओमिक्रॉन संक्रमितों में ये लक्षण भी दिख सकते हैं
ओमिक्रॉन का एक और लक्षण है रात में पसीना आना। इसके अलावा भूख न लगना और जी मिचलाना भी इसके लक्षण बताए जा रहे हैं। इनके अलावा कंजेशन, ब्रेन फॉग और त्वचा पर चक्ते भी इसके लक्षणों में शामिल किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications