नेपाल में संसद भंग, राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने PM ओली के प्रस्ताव को दी मंजूरी, चुनाव का ऐलान
काठमाण्डू। Nepal Parliament Dissolve: नेपाल में संसद को भंग कर दिया गया है। राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की कैबिनेट के संसद भंग करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। रविवार सुबह मंत्रियों की आपात बैठक में संसद को भंग करने की सिफारिश की गई थी। प्रस्ताव को लेकर प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली राष्ट्रपति के पास पहुंचे थे। वहीं सत्ता में शामिल नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी ने संसद भंग करने को लोकतंत्र विरोधी बताते हुए इस प्रस्ताव को लागू न करने को कहा था।
Recommended Video

रविवार सुबह प्रधानमंत्री ओली ने कैबिनेट की बैठक बुलाई थी। उम्मीद की जा रही थी कि मंगलवार को जारी विवादास्पद विधेयक की वापसी को लेकर इस बैठक में चर्चा हो सकती है। लेकिन ओली ने संसद को भंग करने का फैसला ले लिया। ओली की सरकार में ऊर्जा मंत्री बरसमन पुन ने बताया था कि मंत्रीपरिषद की बैठक में सभी मंत्रियों ने संसद को भंग करने की संस्तुति की है।
चुनाव की तिथि का ऐलान
कैबिनेट के प्रस्ताव को राष्ट्रपति विद्यादेवी भंडारी ने मंजूर कर लिया है। राष्ट्रपति कार्यालय से जारी बयान के मुताबिक राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने कैबिनेट के संसद भंग करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। राष्ट्रपति ने कैबिनेट की संस्तुति पर नेपाल की राष्ट्रपति ने चुनावों की घोषणा भी कर दी है। नेपाल में आम चुनाव अगले साल 30 अप्रैल से 10 मई के बीच में कराए जाएंगे।
सत्ताधारी पार्टी में ही विरोध
वहीं संसद भंग करने के इस कदम को संविधान विरोधी बताया जा रहा है। यही वजह है कि सत्ताधारी में शामिल नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी ने ही इस प्रस्ताव का विरोध किया था। विश्लेषकों के मुताबिक नेपाल के संविधान में संसद को भंग करने का कोई उल्लेख नहीं है। इस फैसले को कोर्ट में चुनौती दी जा सकती है।
नेपाल में सत्ताधारी नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी के प्रवक्ता नारायणकाजी श्रेष्ठ ने कहा था कि रविवार सुबह जब ये फैसला लिया उस समय बैठक में सभी मंत्री मौजूद नहीं थे। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और देश को पीछे ले जाएगा। यह लागू नहीं होना चाहिए।
विपक्ष ने बुलाई आपात बैठक
प्रधानमंत्री ओली के संसद भंग करने की सिफारिश के बाद विपक्ष भी सक्रिय हो गया है। नेपाल की प्रमुख विपक्षी पार्टी नेपाली कांग्रेस ने घटनाक्रम को देखते हुए आपात बैठक बुलाई है।












Click it and Unblock the Notifications