‘नेपाल में अब होगा आर्थिक परिवर्तन’, PM प्रचंड ने भारतीय व्यापारियों से की ये खास अपील
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने भारत के PM मोदी को नेपाल आने का आमंत्रण दिया है। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और प्रचंड के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी हुई।

नेपाल के प्रधानमंत्री चार दिवसीय दौरे पर भारत आए हुए हैं। अपनी यात्रा के दूसरे दिन नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नेपाल आने का आमंत्रण दिया है।
नेपाली प्रधानमंत्री ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद भवन में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नेपाल दौरे के लिए आमंत्रित किया है। वे पीएम मोदी के स्वागत के लिए तैयार हैं।
नेपाल-भारत बिजनेस समिट में कारोबारियों से बातचीत करते हुए नेपाली पीएम ने कहा कि नेपाल अब आर्थिक उठापटक के मुहाने पर है। पीएम प्रचंड ने कहा कि हमने देश में राजनीतिक परिवर्तन और संस्थागत शांति और लोकतंत्र हासिल किया है। अब सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता वाला एजेंडा है।
पीएम प्रचंड ने कहा कि नेपाल में निवेश करने में भारत के तुलनात्मक लाभ को कम करके नहीं आंका जा सकता। पीएम ने कहा कि नेपाल लगभग 16 विशेष आर्थिक गलियारे स्थापित कर रहे है, जो देश के लिए आर्थिक मूल्य जोड़ने वाले हैं।
पीएम प्रचंड ने कहा, "हमें निवेशकों और व्यापारियों को सुविधा प्रदान करने और नेपाल और भारत के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने में खुशी होगी। मैं आपसे नेपाल में और अधिक निवेश की संभावना तलाशने का अनुरोध करना चाहता हूं।"
नेपाली पीएम ने कहा कि कृषि का आधुनिकीकरण, कनेक्टिविटी पहलू में सुधार, जलविद्युत क्षमता का दोहन, व्यापार और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र को बढ़ावा देना नेपाल की अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक परिवर्तन लाने के लिए महत्वपूर्ण हैं।
इससे पहले नई दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए नेपाली पीएम प्रचंड ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध काफी पुराने और बहुआयामी हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत के आर्थिक और सामाजिक विकास को देखकर नेपाल काफी खुश है।
प्रचंड ने कहा कि वे चौथी बार प्रधानमंत्री के रूप में भारत का दौरा कर रहे हैं। नेपाली पीएम ने बताया कि वह इससे पहले सितंबर 2018 के अलावा सितंबर और अक्टूबर 2016 में भारत आ चुके हैं।
पीएम प्रचंड ने कहा, कि वे नेपाल सरकार और जनता की शुभकामनाएं अपने साथ लाए हैं। नेपाली पीएम दहल ने प्रधानमंत्री मोदी सरकार के नौ साल पूरा करने के लिए बधाई दी है। उनका कहना है कि भारत और नेपाल के संबंधों की नींव काफी मजबूत है।












Click it and Unblock the Notifications