100 रुपये का नया नोट छापेगा नेपाल, लिपुलेख, लिंपियाधुरा और कालापानी को करेगा शामिल, प्रचंड ने फिर बदला पाला?
नेपाल के एक और कदम से भारत की नाराजगी बढ़ सकती है। पड़ोसी देश जल्द ही 100 रुपये का ऐसा नोट जारी करने जा रहा है जिसपर भारतीय इलाकों की तस्वीर होगी। रिपोर्ट के मुताबिक इन नोटों पर लिपुलेख, लिंपियाधुरा और कालापानी जैसे भारतीय इलाकों को दिखाया जाएगा।
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक एक सरकारी प्रवक्ता ने पुष्टि की कि शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक में 100 रुपये के बैंक नोटों पर नेपाल का एक नया राजनीतिक मानचित्र शामिल करने का निर्णय लिया गया है।

आपको बता दें कि भारत पहले ही इन क्षेत्रों को कृत्रिम रूप से विस्तारित करार दे चुका है। नेपाल सरकार के संचार, सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री रेखा शर्मा के अनुसार, सरकार ने नेपाली रुपये के 100 नोटों पर नेपाल का एक नया नक्शा शामिल करने का निर्णय लिया है।
मंत्री रेखा शर्मा ने कहा, "कैबिनेट ने 25 अप्रैल और 2 मई को हुई कैबिनेट बैठकों के दौरान 100 रुपये के बैंक नोट को फिर से डिजाइन करने और बैंक नोट के बैकग्राउंड में छपे पुराने मैप को बदलने की मंजूरी दे दी है।"
नेपाल के इस फैसले पर भारत ने अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इसके पहले साल 2020 में नेपाल कैबिनेट ने एक नया राजनीतिक नक्शा जारी किया था और एकतरफा रूप से लिपुलेख, कालापानी और लिंपियाधुरा को अपना क्षेत्र घोषित कर दिया था। भारत ने नेपाल के इस कदम पर आपत्ति जताई थी। भारत ने इसे "एकतरफा अधिनियम" कहा था।
नेपाल का दावा है कि महाकाली नदी के पूर्वी हिस्से में स्थित लिपुलेख, कालापानी, और लिम्पियाधुरा क्षेत्र 1816 की सुगौली संधि के तहत नेपाल का हिस्सा हैं।आपको बता दें कि नेपाल की राष्ट्रीय राजनीति में काफी समय से इन इलाकों को लेकर मुद्दा उठता रहा है।












Click it and Unblock the Notifications