Nepal Bus Accident: नेपाल में बड़ा सड़क हादसा, यात्रियों से भरी बस नदी में गिरने से 18 की मौत
Nepal Bus Accident: नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार (23 फरवरी) की तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में जा गिरी, जिससे 18 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने एक बार फिर नेपाल के खतरनाक रास्तों पर सफर करने वालों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतकों में दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। अंधेरी रात और नदी का तेज बहाव रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती बना, लेकिन स्थानीय लोगों और सेना की मदद से घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया।

Dhading Bus Accident: कैसे हुआ यह भीषण हादसा?
यह हादसा रात के करीब 1:15 बजे हुआ, जब बस धादिंग जिले के बेनिघाट रोरांक इलाके से गुजर रही थी। चश्मदीदों और शुरुआती जांच के मुताबिक, बस की रफ्तार तेज थी और अचानक ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। बस सड़क से फिसलकर सीधे गहरी त्रिशूली नदी में समा गई। रात का सन्नाटा चीख-पुकार में बदल गया। हालांकि, हादसे की असली वजह क्या थी, तकनीकी खराबी या ड्राइवर की झपकी, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
Nepal News Hindi: 18 मौतें और रेस्क्यू का आंखों देखा हाल
हादसे की खबर मिलते ही नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाली सेना मौके पर पहुंच गई। रात के अंधेरे में नदी के ठंडे पानी से लोगों को निकालना बेहद मुश्किल था। पुलिस ने पहले 17 शव बरामद किए थे, लेकिन अस्पताल में एक और घायल ने दम तोड़ दिया, जिससे मरने वालों का आंकड़ा 18 पहुंच गया। अधिकारियों के मुताबिक, बस में 35 से ज्यादा लोग सवार थे, जिनमें से 25 घायलों का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों में दो विदेशी पर्यटक भी शामिल
नेपाल पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती मृतकों की पहचान करना है। मरने वालों में एक पुरुष और एक महिला विदेशी नागरिक बताए जा रहे हैं। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वे किस देश के रहने वाले थे। दूतावासों से संपर्क किया जा रहा है ताकि उनकी शिनाख्त हो सके। पोखरा-काठमांडू रूट पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है, इसलिए इस रूट पर चलने वाली बसों में अक्सर विदेशी सैलानी सफर करते हैं।
ये भी पढे़ं: Budget 2026: नेपाल से बांग्लादेश तक, बजट में मोदी सरकार ने लुटाए करोड़ों! देखें किस देश को कितने रुपए की मदद
नेपाल के रास्तों पर बार-बार क्यों गिरती हैं बसें?
नेपाल के पहाड़ी इलाकों में बस हादसे होना अब एक कड़वी सच्चाई बन गया है। संकरी सड़कें, तीखे मोड़ और मेंटेनेंस की कमी अक्सर जानलेवा साबित होती है। ट्रैफिक चीफ शिशिर थापा ने बताया कि स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद सबको बाहर निकाला। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या बस में क्षमता से अधिक यात्री थे या हाईवे सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications