भीषण रफ्तार से धरती की तरफ बढ़ते ऐस्टरॉइड से स्पेसक्राफ्ट की होगी टक्कर, पृथ्वी को बचाएगी NASA
धरती की तरफ भीषण रफ्तार से बढ़ने वाले ऐस्टरॉइड से नासा अपने स्पेसयान की टक्कर करवाएगा। नासा का ये मिशन पृथ्वी की रक्षा के लिए लॉन्च होगा।
वॉशिंगटन, अक्टूबर 06: धरती की रक्षा के लिए नासा अब तक के सबसे खतरनाक मिशन को अंजाम देने जा रहा है। नासा ने घोषणा की है कि वो इस साल के अंत में धरती की तरफ आ रहे एक ऐस्टरॉइड की टक्कर अपने स्पेसक्राफ्ट से करवााएगा। नासा की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि धरती पर मौजूद इंसानों को ऐस्टरॉइड से बचाने के लिए नासा इस मिशन को अंजाम दे रहा है।

ऐस्टरॉइड से स्पेसक्राफ्ट की टक्कर
नासा की तरफ से सोमवार को जारी बयान में कहा गया है कि उसका अंतरिक्ष यान पृथ्वी की तरफ तेजी से बढ़ने वाले ऐस्टरॉइड से अंतरिक्ष में टकराएगा। नासा ने अपने इस मिशन का नाम DART रखा है, जिसका फुल फॉर्म डबल ऐस्टरॉइड रीडायरेक्शन टेस्ट है। दरअसल, अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा लगातार ऐस्टरॉइड को समझने की कोशिश कर रही है और वो धरती के आसपास आने वाले तमाम ऐस्टरॉइड पर नजर रखती है। नासा का कहना है कि आने वाले वक्त में कई ऐस्टरॉइड हजारों किलोमीटर की रफ्तार से धरती की तरफ बढ़ेंगे और उन्हीं में से एक ऐस्टरॉइड धरती की तरफ बढ़ रहा है और उस ऐस्टरॉइड से नासा अपने स्पेसक्राफ्ट की टक्कर करवाएगा।

नवंबर में है नासा का मिशन
नासा ने सोमवार को घोषणा की है कि इस साल नवंबर में वो अपने स्पेसक्राफ्ट को ऐस्टरॉइड से टकराने के लिए रवाना करेगा। नासा के डार्ट मिशन में एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स का फैल्कन-9 रॉकेट भी शामिल है और ये 23 नवंबर को रात 10 बजकर 20 मिनट पर कैलिफोर्निया के वेंडनबर्ग स्पेसबेस से अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरेगा। नासा ने कहा है कि, अगले साल यानि अक्टूबर 2022 में उसका स्पेसक्राफ्ट ऐस्टरॉइड से टकराएगा। नासा की घोषणा के मुताबिक, उस ऐस्टरॉइड की रफ्तार 13 हजार 500 किलोमीटर प्रतिघंटे की होगी और नासा का स्पेसक्राफ्ट उस ऐस्टरॉइड से आमने-सामने की टक्कर होगी।

नासा के मिशन से क्या होगा हासिल?
नासा ने कहा है कि विशालकाय ऐस्टरॉइड से जब स्पेसक्राफ्ट की टक्कर होगी, तो ऐस्टरॉइड की दिशा में मामूली परिवर्तन होगा, जो काफी होगा। इस मिशन से नासा को पता चल पाएगा कि ऐस्टरॉइड से स्पेसक्राफ्ट की टक्कर होने से क्या नतीजे निकल सकते हैं। नासा का कहना है कि वो हर उस चीज के बारे में पता लगा रहा है, जिससे पृथ्वी को आने वाले वक्त में खतरा उत्पन्न हो सकता है और खासतौर पर काफी तेज रफ्तार ऐस्टरॉइड को लेकर नासा हमेशा सतर्क रहता है। सितंबर 2022 में ऐस्टरॉइड और उसका उपग्रह पृथ्वी के काफी करीब आ जाएगा और उस वक्त मिशन को अंजाम दिया जाएगा।

मिशन के बारे में जानिए
नासा की जांच में पता चला है कि अंतरिक्ष में करीब 780 मीटर के आकार के एक बहुत बड़े चट्टान की परिक्रमा 160 मीटर का ऐस्टरॉइड कर रहा है, जिसे नासा ने डिडिमून नाम दिया है। डिडिमून 2003 में पृथ्वी के काफी करीब आ गया था और उस वक्त ये पृथ्वी से करीब 37 लाख मील की दूरी पर था। नासा ने पता लगाया है कि इन दोनों ऐस्टरॉइड में से एक डिडिमून के पृथ्वी से टकराने की संभावना काफी ज्यादा है। नासा ने एक बयान में कहा, "डार्ट कायनेटिक इम्पेक्टर के जरिए पहली बार प्रदर्शन करेगा, जिसमें एक हाईस्पीड ऐस्टरॉइड की टक्कर अंतरिक्ष यान से होगी और उस टक्कर के जरिए ऐस्टरॉइड की गति के साथ साथ उसके डायरेक्शन को भी बदला जाएगा''।

टक्कर को किया जाएगा रिकॉर्ड
नासा ने कहा है कि धरती से करीब 68 लाख मील की दूरी पर ये टक्कर होगी और उसके बाद ये ऐस्टरॉइड धरती के करीब आने लगेगा, लिहाजा वो वक्त टक्कर के लिए काफी बेहतरीन होगा। नासा ने कहा है कि स्पेसक्राफ्ट और ऐस्टरॉइड के बीच होने वाली इस टक्कर को क्यूब सैटेलाइट से रिकॉर्ड किया जाएगा। क्यूब सैटेलाइट इटली की स्पेस एजेंसी की है। डार्ट प्रोग्राम के प्रमुख वैज्ञानिक टॉम स्टेटलर ने कहा कि, वैज्ञानिक धरी से टेलीस्कोप के जरिए ऐस्टरॉइड की रफ्तार में होने वाले परिवर्तन को देखेंगे। उन्होंने कहा कि, इस टक्कर से हमें समझने में मदद मिलेगी कि ऐस्टरॉइड से टक्कर के बाद क्या होता है और उसकी गति, उसके डायरेक्शन पर क्या प्रभाव पड़ता है।

पृथ्वी से टकरा सकते हैं 22 ऐस्टरॉइड
नासा ने अपनी रिपोर्ट में कई ऐस्टरॉइड को बेहद खतरनाक श्रेणी में रखा है और हाल के दिनों में पृथ्वी की कक्षा में दाखिल होने वाला ये पांचवां ऐस्टरॉइड है। आपको बता दें कि ऐस्टरॉइड को क्षुद्रग्रह भी कहा जाता है। नासा ने कहा है कि वो करीब 2 हजार से ज्यादा ऐस्टरॉइड पर नजर रख रहा है, जो आने वाले वक्त में पृथ्वी के लिए खतरा बन सकते हैं। नासा ने कहा है कि आने वाले 100 सालों में 22 ऐसे ऐस्टरॉइड हैं, जो पृथ्वी की कक्षा में शामिल होने के बाद पृथ्वी से टकरा सकते हैं। नासा का कहना है कि ऐसे ऐस्टरॉइड जो पृथ्वी से 46.5 मिलियन मील करीब आ जाता है, उसे वो डेंजरस कैटोगिरी में रखता है। नासा का सेंट्री सिस्टम इस तरह के ऐस्टरॉइड पर नजर रखता है।

क्या होते हैं ऐस्टरॉइड ?
आपको बता दें कि ऐस्टरॉइड वो बड़ी बड़ी अंतरिक्ष चट्टाने होती हैं जो किसी ग्रह की तरह हीं सूर्य का परिक्रमा करती हैं लेकिन इनका आकार काफी छोटा है। लेकिन अगर ये ऐस्टरॉइड किसी ग्रह से टकरा जाएं तो वहां भूचाल आ जाता है। वैज्ञानिकों ने पता लगाया है कि हमारे गैलेक्सी में ज्यादातर ऐस्टरॉइड मंगल और बृहस्पति की कक्षा में पाए जाते हैं, वहीं कई ऐस्टरॉइड दूसरे ग्रहों की कक्षा में भी पाए जाते हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि करीब साढ़े 4 अरब साल पहले जब हमारे गैलेक्सी का निर्माण हुआ थातब गैस और धूल की वजह से ऐसे बादल, जो किसी कारणवस कोई ग्रह नहीं बन सके, वो कालांतर में क्षुद्रगह बन गये। ऐस्टरॉइड साधारणतया गोल नहीं होते हैं और इसका आकार किसी भी तरह का हो सकता है।

तुंगुस्का नदी की घटना
आपको बता दें कि 30 जून 1908 में रूस के साइबेरिया में तुंगुस्का नदी के पास एक बहुत बड़ा विस्फोट था। नासा के मुताबिक, आधुनिक इतिहास में पृथ्वी के वायुमंडल में एक बड़े उल्कापिंड का पहला प्रवेश तुंगुस्का घटना के रूप में ही हुआ था। कहते हैं कि कई मील उपर हवा में जोरदार विस्फोट हुआ था और उस विस्फोट की ताकत इतनी थी कि 2,150 वर्ग किमी के क्षेत्र में तकरीबन 8 करोड़ पेड़ खत्म हो गए थे। नासा का कहना है कि उस दिन एक उल्कापिंड साइबेरिया के एक दूरदराज के हिस्से से टकराया था, लेकिन जमीन पर नहीं पहुंचा था। बताया जाता है कि उल्का पिंड में हवा में ही विस्फोट हो गया और सैकड़ों मील चौड़े क्षेत्र में पेड़ों पर कहर बन कर टूटा। इस विस्फोट में हजारों जंगली जानवर भी मारे गए थे। वैज्ञानिकों का कहना था कि अगर वो ऐस्टरॉइड आबादी वाले इलाके में गिरता, तो हजारों लोगों की जान जा सकती थी।












Click it and Unblock the Notifications