अफगानिस्तान में सुरक्षित हैं सभी भारतीय, तालिबान के अपहरण करने की खबर में सच्चाई नहीं
अफगान मीडिया का दावा,
काबुल, 21 अगस्त: अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना के लौटने और राष्ट्रपति अशरफ गनी के देश छोड़कर भाग जाने के बाद तालिबान ने देश पर कब्जा कर लिया है। काबुल पर तालिबान के काबिज होने के बाद विदेशी लोग वहां से किसी भी तरह निकलने की कोशिश में हैं। भारत की ओर से भी अपने नागरिकों और कर्मचारियों को निकालने की कोशिश हो रही है। इस बीच अफगानिस्तान के पत्रकारों ने दावा किया था कि 100-150 भारतीयों का तालिबान ने अपहरण कर लिया है। हालांकि अब अफगान मीडिया ने साफ किया है कि किसी भारतीय का अपहरण नहीं हुआ है बल्कि उनको दस्तावेजों की जांच के लिए ले जाया गया था और सभी एयरपोर्ट लौट आए हैं। बताया गया है कि सभी को खाना खिलाकर एयरपोर्ट के लिए भेज दिया गया है।

क्या कहा गया था अफगान मीडिया का दावा
अफगानिस्तान की मीडिया ने अपने सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि तालिबान ने काबुल हवाईअड्डे के पास से 150 से ज्यादा लोगों का अपहरण किया है, जिनमें ज्यादातर भारतीय हैं। रिपोर्ट्स में कहा गया कि हामिद करजई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास से 150 से अधिक लोगों को तालिबान लेकर चले गए। जो अपने देश लौटने के लिए एयरपोर्ट के पास में जमा थे। बाद में स्थिति साफ हुई कि ऐसा नहीं हुआ है।

अफगान पत्रकारों ने तालिबान से ही की बात
काबुल में कार्यरत पत्रकार जकी दरयाबी ने अपने एक ट्वीट में कहा है कि तालिबान के प्रवक्ता अहमदुल्ला वासेक ने काबुल से करीब 150 भारतीय नागरिकों के अपहरण की बात को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि तालिबान प्रवक्ता ने एटिलाट्रोज से बातचीत में कहा कि उनके लड़ाकों ने किसी को नहीं उठाया है। कुछ लोग कागजी कार्रवाई के लिए गए थे जो लौट आए।

अफगानिस्तान में भारी अफरातफरी का माहौल
अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना के लौटने के बाद, राष्ट्रपति अशरफ गनी भी देश छोड़कर भाग गए हैं। ऐसे में तालिबान के देश पर कब्जा के बाद वहां भारी उथल पुथल देखी जा रही है। तालिबान इन दिनों नई सरकार बनाने की प्रक्रिया में है। हालांकि अभी उसने किसी सरकार के बारे में फाइनल ऐलान नहीं किया है। ऐसे में देश में एक अफरातफरी का माहौल है।












Click it and Unblock the Notifications