टर्की में तख्तापलट की असफल कोशिशों में चली गई 265 लोगों की जान
अंकारा। टर्की में शुक्रवार और शनिवार को तख्तापलट की असफल कोशिशों में 265 लोगों की जान चली गई है। टर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्डोगन की ओर से कहा गया है कि सरकार ने फिर से अपना जिम्मा संभाल लिया है।

राष्ट्रपति ने की अपील
टर्की में सरकार और असंतुष्ट सैनिकों के बीच हुए संघर्ष में 140 नागरिकों समेत 265 लोगों की मौत हो गई। मारे गए लोगों में 104 वो लोग थे जो तख्तापलट की योजना में शामिल थे।
13 वर्ष के शासनकाल को मिली चुनौती के बाद एर्डोगन ने अपने समर्थकों से किसी भी संभावित अराजकता को रोकने के लिए सड़कों पर जमे रहने की अपील की है।
नाटो का मेंबर है टर्की
आठ करोड़ की जनसंख्या वाला टर्की नाटो का सदस्य है। राष्ट्रपति एर्डोगन ने इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका में रहने वाले 75 वर्षीय धर्म प्रचारक फतहुल्लाह गुलेन के प्रत्यर्पण की भी मांग की है। तख्तापलट की कोशिश के नाकाम होने के 24 घंटे के अंदर संसद के विशेष सत्र के बाद संसद के बाहर एर्डोगन ने अपने समर्थकों को संबोधित किया।
इस्तांबुल के तकसीम चौराहे पर और कई अन्य शहरों में सड़कों पर बड़ी संख्या में एर्डोगन के समर्थक जमा हैं। ये लोग तख्तापलट की कोशिश करने वालों के लिए फांसी की मांग कर रहे हैं।
अमेरिका ने मांगे गुलेन के खिलाफ सुबूत
टर्की की सरकार ने गुलेन पर सरकारी तंत्र के समानांतर व्यवस्था खड़ी करने की कोशिश का आरोप लगाया है। अमेरिका ने टर्की से कहा है कि अगर उसके पास धर्म प्रचारक गुलेन के खिलाफ कोई भी सबूत हो तो वो उसके साथ साझा करे।
वहीं गुलेन ने इस तख्तापलट में किसी भी भूमिका से इनकार किया है। गुलेन ने कहा कि वो तख्तापलट के षडयंत्र की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
इतिहास का काला धब्बा
टर्की में तख्तापलट की कोशिश नाकाम रहने के बाद कई सीनियर ऑफिसर्स समेत 2,839 सैनिकों को गिरफ्तार किया गया है। टर्की के प्रधानमंत्री बिनाली यिल्दिरिम ने कहा कि तख्तापलट की कोशिश को टर्की के लोकतांत्रिक इतिहास में काला धब्बा करार दिया है।
जज तक हुए गिरफ्तार
टर्की में 1,440 लोग घायल हुए हैं। टर्की के मीडिया के अनुसार सेना दो वरिष्ठतम जनरलों को भी गिरफ्तार किया गया है। सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक 2,745 जजों को हटाया गया है, इनमें टर्की के सुप्रीम कोर्ट के जज भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications