Padma Bhushan: माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला को अमेरिका में मिला पद्म भूषण सम्मान
माइक्रोसॉफ्ट के 55 वर्षीय सीईओ को इस साल की शुरुआत में 17 पुरस्कार विजेताओं में से नामित किया गया था। पिछले सप्ताह औपचारिक से अमेरिका में उन्हें यह सम्मान दिया गया है।
Satya Nadella Padma Bhushan: माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला ने कहा कि भारत का तीसरा सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण हासिल करना सम्मान की बात है। सत्य नडेला ने कहा कि वह पूरे भारत के लोगों के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं जिससे वे और उपलब्धि हासिल करने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग कर सकें। सैन फ्रांसिस्को में भारत के महावाणिज्य दूत डॉ. टी वी नागेंद्र प्रसाद ने बीते सप्ताह नडेला को यह सम्मान औपचारिक रूप से प्रदान किया।

Image Credit: PTI
गणतंत्र दिवस पर मिला था सम्मान
माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के संस्थापक बिल गेट्स और स्टीव बाल्मर के बाद सत्य नडेला माइक्रोसॉफ्ट के तीसरे सीईओ हैं। सत्य नडेला को माइक्रोसॉफ्ट के क्लाउड व्यवसाय में क्रांति लाने का श्रेय दिया जाता है। इसके साथ ही सत्य नडेला को अमेजन को पछाड़ कर अरबों डॉलर के अमेरिकी रक्षा विभाग के कॉन्ट्रैक्ट को हासिल करने का भी श्रेय दिया जाता है। हैदराबाद में जन्मे सत्य नडेला को 2014 की शुरुआत में माइक्रोसॉफ्ट कंपनी का सीईओ नियुक्त किया गया था। बीते साल 2021 में नडेला का कंपनी का चेयरमैन भी बनाया गया था। इसी साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर सत्य नडेला को अन्य आईटी दिग्गजों टाटा संस के सीईओ नटराजन चंद्रशेखरन और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई के साथ पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।
जनवरी में भारत दौरे पर आएंगे नडेला
55 वर्षीय नडेला ने कहा कि वे अगले वर्ष जनवरी 2023 में भारत आएंगे। पद्म भूषण मिलने पर नडेला ने कहा, 'पद्म भूषण मिलना और इतने असाधारण लोगों के साथ पहचाना जाना गर्व का विषय है। मैं राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और भारत की जनता का आभारी हूं। मैं पूरे भारत के लोगों के साथ काम जारी रखने के लिए आशान्वित हूं ताकि उन्हें प्रौद्योगिकी का उपयोग करने में मदद कर सकूं जिससे वे और उपलब्धियां हासिल करें।' नडेला और डॉ. प्रसाद के बीच भारत में समावेशी वृद्धि को बढ़ावा देने में डिजिटल प्रौद्योगिकी की अहम भूमिका के बारे में चर्चा हुई। इस मुलाकात के बाद नडेला ने कहा, 'अगला दशक डिजिटल प्रौद्योगिकी का होगा। हर प्रकार के भारतीय उद्योग और संगठन प्रौद्योगिकी की ओर बढ़ रहे हैं जिससे नवोन्मेष, जुझारूपन और दक्षता को बढ़ावा मिलेगा।'












Click it and Unblock the Notifications