इस छोटे से देश के राष्ट्रपति ने खोली चीन की पोल, कहा- हमारे नेताओं को घूसखोर बना रहा, बताया जान का खतरा
माइक्रोनेशिया की संसद और राज्यपाल को लिखे 13 पन्नों के पत्र में राष्ट्रपति ने कहा कि चीन ने देश की सीमा के पास समुद्र में जासूसी जहाज भेजे थे और स्थानीय नेताओं को रिश्वत दी थी।

Image: Oneindia
माइक्रोनेशिया के राष्ट्रपति डेविड पैनुएलो ने चीन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। दुनिया के सबसे छोटे देशों में से एक माइक्रोनेशिया के राष्ट्रपति ने चीन पर राजनीतिक टकराव पैदा करने, उनके देश की संप्रभुता को कम करके आंकने, राष्ट्रपति की व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने जैसे कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चीन प्रशांत क्षेत्र में 'राजनीतिक युद्ध' में लगा है। पैनुएलो ने कहा कि वह हमारे देश के नेताओं और अधिकारियों को रिश्वत देकर खरीदने की कोशिश करता है।
चीन ने भेजा जासूसी जहाज
राष्ट्रपति डेविड पैनुएलो का कार्यकाल मई में खत्म हो रहा है। इसके पहले उन्होंने देश की संसद को लिखे 13 पन्नों के पत्र में उन्होंने खुलासा किया है कि चीन ने माइक्रोनेशिया की सीमा में जासूसी जहाज भेजे थे। इस दौरान उन्होंने चीन पर अपने नेताओं को रिश्वत देने का भी आरोप लगाया। राष्ट्रपति पैनुएलो ने कहा कि चीन ने साल 2021 में उन पर अपनी वैक्सीन को मंजूरी देने का भी दबाव बनाया था। हालांकि उन्होंने इसे मानने से साफ इनकार कर दिया था। उन्होंने चीन से खुद की जान का भी खतरा बताया है। उन्होंने दावा किया कि बीते साल जुलाई में फिजी में पैसिफिक आइलैंड्स फोरम के दौरान दो चीनी पुरुषों द्वारा उनका पीछा किया गया।
ताइवान संग संबंध जोड़ने का सुझाव
अपने पत्र में पैनुएलो ने खुले तौर पर देश की राजनयिक मान्यता को चीन के बदले ताइवान से बदलने का सुझाव दिया। कहा कि उन्होंने इस साल फरवरी में ताइवान के विदेश मंत्री जोसेफ वू से मुलाकात की थी। इस दौरान हमने उनको बताया कि हम चीन के बजाय उन्हें समर्थन देने के लिए राजनयिक संबंधों को बदल दें सकते हैं। इसके बदले में वह हमें 50 मिलियन डॉलर देने के लिए भी तैयार हैं। इसके अलावा देश को हर साल 15 मिलियन डॉलर का सहायता पैकेज भी हासिल होगा, जिससे भविष्य की जरूरतों को पूरा किया जा सकता है।
चीन ने आरोपों से किया इनकार
माइक्रोनेशिया के राष्ट्रपति ने कहा, 'चीन यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है कि माइक्रोनेशिया के रिश्ते अमेरिका से बिगड़ जाएं।' उन्होंने कहा कि माइक्रोनेशिया अमेरिका का एक पुराना सहयोगी है। हालांकि चीन ने इन आरोपों से इनकार किया है। चीनी विदेश मंत्री की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि डेविड पेनवेलो के आरोप तथ्यों से मेल नहीं खाते हैं। ये साफ जाहिर है कि वे हमें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
सबसे छोटे देशों में से एक है माइक्रोनेशिया
आपको बता दें कि पश्चिमी प्रशांत इलाके में बसा माइक्रोनेशिया 600 से भी अधिक द्वीपों से मिलकर बना है। ये चार राज्यों याप, चूक, पोह्न्पेई और कोस्राए में फैला है। ये देश 700 वर्ग किमी इलाके में फैला हुआ है। हालांकि इस देश का जमीनी इलाका बेहद कम है लेकिन समंदर में इसका काफी विस्तार है जो कि इसे फ्रांस से भी पांच गुना अधिक विशाल बनाता है। इस देश की आबादी एक लाख से अधिक है और ये ऑस्ट्रेलिया से लगभग 2900 किमी की दूरी पर स्थित है।












Click it and Unblock the Notifications