पाकिस्तान में होली खेल रहे हिन्दू छात्रों पर हमला, 15 घायल, FIR दर्ज करने से पुलिस का इनकार
पंजाब यूनिवर्सिटी के एक छात्र और एक प्रत्यक्षदर्शी काशिफ ब्रोही ने बताया, 'जैसे ही छात्र लॉ कॉलेज के परिसर में इकट्ठा हुए, इस्लामी जमीयत तुलबा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें जबरन होली मनाने से रोक दिया, जिसके कारण झड़प हुई।

Image: Oneindia
पाकिस्तान के पंजाब यूनिवर्सिटी में होली खेल रहे छात्रों पर हमला हुआ है। इस हमले में 15 छात्र घायल हुए हैं। ये छात्र प्रशासन की अनुमति से होली पर्व मना रहे थे। इस्लामिक छात्र संगठन इस्लामी जमियत तुलबा (IJT) पर होली खेल रहे छात्रों पर हमला करने का आरोप लगाया जा रहा है। इस मामले से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें छात्रों पर हमला होते दिखाया गया है।
फेसबुक पोस्ट देख हमला करने पहुंचे
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक सिंध परिषद के महासचिव काशिफ ब्रोही ने बताया कि हिंदू समुदाय और परिषद के सदस्यों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद होली का आयोजन किया था। इस दौरान यूनिवर्सिटी के PU लॉ कॉलेज नए परिसर में करीब 30 छात्र होली खेलने के लिए इकट्ठा हुए थे। यह आयोजन चल ही रहा था कि अचानक वहां इस्लामी जमियत तुलबा के लोग आ गए और मारपीट करने लगे। काशिफ ने कहा कि उनको फेसबुक पोस्ट के जरिए होली मनाने की जानकारी मिली थी।
सुरक्षा गार्डों ने भी छात्रों को पीटा
काशिफ के मुताबिक छात्रों द्वारा अपने फेसबुक पेज पर होली से जुड़ी पोस्ट करने के बाद से ही IJT कार्यकर्ताओं ने धमकियां देना शुरू कर दिया था। सोमवार को जब कॉलेज में होली उत्सव शुरू हुआ उसके कुछ ही देर बाद आईजेटी कार्यकर्ताओं वहां पहुंचे और उन्होंने छात्रों पर हमला करना शुरू कर दिया। इस दौरान कई छात्रों को चोटें आईं। इसके बाद छात्रों ने विरोध जताने के लिए कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करना शुरू किया और सेव माइनॉरिटी नारे लगाने लगे। इससे नाराज होकर कॉलेज में मौजूद सुरक्षा गार्ड ने एक बार फिर से छात्रों पर हमला कर दिया।
पुलिस ने नहीं दर्ज किया FIR
इस झड़प में घायल हिन्दू छात्र खेत कुमार ने कहा कि वे लोग कुलपति ऑफिस के बाहर IJT कार्यकर्ताओं के बर्ताव के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। तभी वहां कॉलेज के गार्ड आए और उन्हें मारने लगे। उन्होंने कई छात्रों को गाड़ियों में भी बंद कर दिया। इसके बाद छात्र पुलिस के पास शिकायत करने भी पहुंचे लेकिन उन्होंने अब तक FIR तक दर्ज नहीं किया है। इस बीच IJT के प्रवक्ता इब्राहिम शाहिद ने संगठन के इस घटना से जुड़े होने से इनकार किया है।
IJT ने घटना में संलिप्तता से किया इनकार
इब्राहिम शाहिद ने कहा कि उनके संगठन के किसी कार्यकर्ता ने हिंदू समुदाय के सदस्यों को होली मनाने से नहीं रोका। शाहिद ने कहा कि हमलावरों ने उनके संगठन के नाम का भले इस्तेमाल किया हो मगर उनका संगठन धार्मिक अल्पसंख्यकों को उनके आयोजनों के प्रदर्शन पर रोक नहीं लगाता। उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्डों ने छात्रों पर हमला किया होगा और IJT का इससे कोई लेना-देना नहीं है। इब्राहिम शाहिद ने कहा कि वे परिसर में दार-ए-कुरान का आयोजन कर रहे थे और वहां मौजूद नहीं थे।
पंजाब यूनिवर्सिटी ने की लीपापोती
इस बीच, पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता खुर्रम शहजाद ने कहा- प्रशासन ने छात्रों को कॉलेज के लॉन में होली मनाने की इजाजत नहीं दी थी। उन्हें अंदर होली खेलने के लिए कहा गया था। वे बाहर परिसर में जमीन पर होली खेल रहे थे जिसे रोकने के लिए सुरक्षा गार्ड वहां पहुंचे थे। प्रवक्ता के मुताबिक कुलपति के आदेश के बाद मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों को मामूली चोटें आई हैं, अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों पर हमला करने में शामिल छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications