टेकऑफ की तैयारी कर रहा था प्लेन तभी विंग पर दिखा युवक, यात्रियों की रुक गई सांस
लॉस वेगास। अमेरिका के लॉस वेगास स्थित एयरपोर्ट पर पॉयलट प्लेन टेकऑफ की तैयारी कर रहा था तभी यात्रियों की नजर विंग पर पड़ी तो वहां एक युवक खड़ा था। विंग पर युवक को देखते ही यात्री शोर मचाने लगे। आनन-फानन में एयरपोर्ट प्रशासन को सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पहुंची।

घटना मैककेरन इंटरनेशनल एयरपोर्ट की है। यहां पोर्टलैंड बाउंड अलास्का एयरलाइंस का पैसेंजर प्लेन यात्रियों को बैठा चुका था और उड़ान की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसकी विंग पर एक युवक चढ़ गया और उस पर टहलने लगा। ये देखकर यात्रियों की सांसे रुक गई और चिल्लाने लगे। इसके बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को उतरने के लिए कहा लेकिन वह नहीं उतरा। इस पूरे वाकये के दौरान एक बार वह विंग पर घुटने के बल बैठ जाता है और अपने हाथों से आसमान की तरफ दिल भी बनाता है। पूरी घटना का प्लेन में मौजूद एक यात्री ने वीडियो भी बना लिया।
विंग पर ही लेट गया युवक
वीडियो के मुताबिक युवक विंग पर चढ़ा हुआ है और अधिकारी उसे नीचे उतरने को कह रहे हैं। इस बीच वह विंग पर ही चलने लगता है और किनारे की तरफ पहुंच जाता है। इसके बाद युवक विंग के ऊपर ही लेट जाता है और रेंगते हुए विंग के और किनारे की तरफ जाकर वहां शांति से लेट जाता है। पुलिस अधिकारी उसे बुलाते रहते हैं लेकिन वह उनकी बात अनसुनी कर देता है।
युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
आखिर में पुलिस ने विंग पर चढ़ने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद प्लेन को टेक ऑफ के लिए ग्रीन सिग्नल दिया गया। वहीं ये साफ नहीं हो सका है कि युवक कौन था और एयरपोर्ट की सुरक्षा को भेदकर वह कैसे प्लेन की विंग तक चढ़ने में सफल हुआ। साथ ही उसके ऐसा करने की वजह का भी पता नहीं चल सका है।
वहीं मेट्रोपोलिटन पुलिस विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि युवक बाड़ को फांदकर प्लेन के पास पहुंचा था। अधिकारी ने कहा शायद वह मानसिक बीमारी से जूझ रहा है। फिलहाल पूरी जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications