Covid 19: चीन में तेजी से बिगड़ रहे हालात, 90 लाख आबादी वाले शहर में रातों-रात लगा लॉकडाउन
नई दिल्ली, 22 मार्च: चीनी सरकार अपने तानाशाही रवैये के लिए जानी जाती है। अब एक बार फिर इसका उदाहरण देखने को मिला है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए चीन सरकार ने एक औद्योगिक शहर को रातों-रात बंद कर दिया, जहां पर 90 लाख से ज्यादा की आबादी है। चीनी अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को वहां पर 4000 से ज्यादा मामले सामने आए थे, जिस वजह से देश में 'जीरो कोविड' पॉलिसी को अपनाया जा रहा है।

चीनी मीडिया के मुताबिक चीन में मंगलवार को 4770 मामले दर्ज किए गए हैं। जिसमें ज्यादातर उत्तरपूर्वी प्रांत जिलिन में मिले, इस वजह से पास ही के लियओनिंग प्रांत के शेनयांग शहर में सोमवार रात लॉकडाउन का आदेश जारी कर दिया गया। विशेषज्ञों का मानना है कि ओमिक्रॉन की वजह से वहां पर कोरोना की नई लहर आई है, जिसे रोकने के लिए बड़ी संख्या में टेस्टिंग की जा रही है। हाल ही में वहां पर दो मरीजों की मौत भी कोरोना की वजह से हुई। इसने सरकार की चिंता इस वजह से भी बढ़ा दी, क्योंकि वहां पर एक साल से ज्यादा वक्त से किसी की जान नहीं गई थी।
वहीं औद्योगिक शहर शेनयांग में मंगलवार को 47 नए मामले सामने आए, जहां पर बीएमडब्ल्यू समेत कई कार फैक्ट्रियां हैं। वहां पर प्रशासन ने सभी सोसायटीज में सख्त लॉकडाउन लागू कर रखा है। साथ ही साफ किया कि उनके निवासी 48 घंटे की निगेटिव कोरोना रिपोर्ट के बाद ही बाहर जा सकते हैं। चीनी सरकार बढ़ते केस और लॉकडाउन की वजह से काफी चिंता में है, क्योंकि इससे उसकी अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ सकता है।
पहली बार होगा इस दवा का इस्तेमाल
वहीं दूसरी ओर जिलिन प्रांत में रविवार को फाइजर की ओरल कोविड दवा पहुंची। अभी इसकी 10 हजार खुराक को मंगाया गया है। ये पहला मौका है, जब चीन में पैक्सलोविड का उपयोग हो रहा है। इसके अलावा बूस्टर डोज देने की प्रक्रिया में भी तेजी लाई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications