'अच्छे दिन आने वाले हैं', लिज ट्रस ने प्रधानमंत्री बनने के बाद ऋषि सुनक को दी शुभकामनाएं
बोरिस जॉनसन के इस्तीफा देने के बाद लिज ट्रस और ऋषि सुनक के बीच ही प्रधानमंत्री बनने के लिए कड़ा मुकाबला हुआ था, जिसमें कंजर्वेटिव पार्टी के सदस्यों ने लिज ट्रस को अपना नेता चुना था।
Liz Truss on Rishi Sunak: ब्रिटेन में राजनीतिक उठापटक के बीच निर्वतमान प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने अपने उत्तराधिकारी ऋषि सुनक को शुभकामनाएं दी हैं। लिज ट्रस ने बतौर निर्वतमान प्रधानमंत्री अपने आखिरी संबोधन में ऋषि सुनक के लिए सफलताओं की कामना की है। लिज ट्रस ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री निवास से निकलने से पहले देश को संबोधित किया है और उन्होंने कहा है कि, वो नये प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को उनके कार्यकाल के दौरान पूरी तरह से मदद और समर्थन देंगी।

लिज ट्रस ने पूरा समर्थन देने का किया वादा
आपको बता दें कि, बोरिस जॉनसन के इस्तीफा देने के बाद लिज ट्रस और ऋषि सुनक के बीच ही प्रधानमंत्री बनने के लिए कड़ा मुकाबला हुआ था, जिसमें कंजर्वेटिव पार्टी के सदस्यों के बीच अपना नेता चुनने को लेकर मतदान हुआ था, जिसमें लिज ट्रस ने ऋषि सुनक को हरा दिया था और ब्रिटेन की प्रधानमंत्री बनी थीं। लेकिन, 45 दिनों के बाद ही उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था और उन्होंने जो आर्थिक फैसले लिए, उसकी काफी आलोचना की गई। ब्रिटिश बाजार पर उन फैसलों का नकारात्मक असर पड़ा था। वहीं, लिज ट्रस के इस्तीफे के बाद ब्रिटिश सांसदों ने ऋषि सुनक को अपना नया नेता चुना है और वो ब्रिटेन में प्रधानमंत्री पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय मूल के नेता हैं। अब वो प्रोटोकॉल के अनुसार किंग चार्ल्स के साथ बैठक के बाद आज आधिकारिक रूप से कार्यभार संभालेंगे।

'अच्छे दिन आने वाले हैं'
लिज ट्रस ने लंदन में अपने विदाई भाषण में कहा कि, "प्रधानमंत्री के रूप में मैं पहले से कहीं अधिक आश्वस्त हूं, कि हमें साहसी होने और चुनौतियों का सामना करने की जरूरत है।" उन्होंने आगे कहा कि, कैसे उन्होंने दिवालिया होने से बचने के लिए हजारों व्यवसायों की मदद की और ऊर्जा स्वतंत्रता को बहाल किया, ताकि वे "अब दुर्भावनापूर्ण विदेशी शक्तियों पर निर्भर न रहें"। वहीं, उन्होंने कहा कि, ऋषि सुनक के नेतृत्व में देश में आगे "अच्छे दिन आने वाले हैं"। वहीं, लिज ट्रस ने रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध पर बोलते हुए कहा कि, मास्को के खिलाफ लड़ाई में ब्रिटेन पूरी तरह से यूक्रेन का समर्थन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि, "लोकतांत्रिक देशों को अपने लोगों के लिए काम करने में सक्षम होना चाहिए। हमें निरंकुश शासनों से मुकाबला करने में सक्षम होना चाहिए, जहां सत्ता कुछ लोगों के हाथों में है। अब पहले से कहीं अधिक, हमें पुतिन की आक्रामकता के खिलाफ बहादुरी से लड़ने में यूक्रेन का समर्थन करना चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications