कुवैत के सुल्तान शेख सबा अल अहमद का 91 साल की उम्र में निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख
नई दिल्ली। कुवैत के शासक शेख सबा अल अहमद अल सबा का निधन हो गया है। सबा अल अहमद 91 साल के थे। बीते कुछ समय से वो बीमार थे और अमेरिका में इलाज करा रहे थे। अमेरिका के अस्पताल में ही उनका निधन हुआ है। कुवैत के सरकारी टीवी चैनल पर मंगलवार को उनके निधन की खबर दी गई है। उनके बाद उनके भाई क्राउन प्रिंस शेख नवाफ अल-अहमद अल-सबा अमीर होंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुवैत शासक की मौत पर दुख का इजहार किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, कुवैत के अमीर शेख सबा अल अहमद के दुखद निधन पर मेरी हार्दिक संवेदना। दुख की इस घड़ी में हम शेख के परिवार और कुवैत के लोगों से संवेदना प्रकट करते हैं। आज, कुवैत और अरब दुनिया ने एक प्रिय नेता, भारत ने एक करीबी दोस्त और दुनिया को एक महान राजनेता खो दिया है। शेख सबा अल अहमद ने हमारे द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में अग्रणी भूमिका निभाई और कुवैत में हमेशा भारतीय समुदाय का विशेष ध्यान रखा।
2006 में शेख जाबेर अल-सबा की मौत के बाद शेख सबा अल अहमद कुवैत के अमीर बने थे। शेख सबा अल अहमद को कुवैत की विदेश नीति पर काम करने के लिए जाना जाता है। वो 1963 से 2003 तक कुवैत के विदेश मंत्री रहे। 1990-1991 के खाड़ी युद्ध के दौरान इराक का समर्थन करने वाले राज्यों के साथ संबंधों को बहाल करने के प्रयासों के लिए उन्हें अरब कूटनीति का डीन कहा गया था।












Click it and Unblock the Notifications