खालिस्तानी आतंकवादी पन्नून की संसद पर हमले की धमकी, दिल्ली पुलिस अलर्ट, आतंकियों को क्यों पनाह दे रहा US?
Delhi Police on alert on Pannun's video: अमेरिकी-खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नून की भारतीय संसद पर हमले की धमकी के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट पर आ गई है। पन्नून ने कथित तौर पर 2001 के संसद हमले की बरसी पर 13 दिसंबर को "संसद की नींव हिलाने" की धमकी देने वाला एक वीडियो जारी किया है, जिसके बाद दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है।
पन्नून की भारतीय संसद पर हमला करने की ये धमकी उस वक्त आया है, जब अमेरिका ने एक खालिस्तानी आतंकी की हत्या की साजिश के तार भारत से जोड़े हैं और आरोप लगाया है, कि भारत सरकार के एक अधिकारी के निर्देश पर निखिल गुप्ता नाम के एक भारतीय नागरिक ने अमेरिका में एक शख्स को एक खालिस्तानी नेता को मारने की सुपारी दी थी। माना जा रहा है, कि वो खालिस्तानी नेता पन्नून ही था, वहीं, जिस अमेरिकी व्यक्ति को सुपारी दी गई थी, वो कथित तौर पर एक अमेरिकी एजेंट ही था।

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा है, कि कानून और व्यवस्था के किसी भी संभावित उल्लंघन को रोकने के लिए मध्य और नई दिल्ली जिला क्षेत्रों और संसद के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा तैनात की गई है। अधिकारी ने कहा, कि, "यह तैनाती धमकी भरे वीडियो के मद्देनजर है और सामान्य तौर पर भी, हम शहर में महत्वपूर्ण परिसरों के आसपास सुरक्षा बढ़ाते हैं।"
धमकी के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट पर
पन्नून का ये वीडियो, 2001 के संसद हमले के दोषी अफजल गुरु की तस्वीर के साथ आई है और वीडियो में पन्नून को यह दावा करते हुए सुना जा सकता है, कि नरेंद्र मोदी सरकार ने उसे "मारने" की कोशिश की और वे 13 दिसंबर को जवाब देंगे। वो कह रहा है, कि "हमारी प्रतिक्रिया संसद की नींव को हिला देगी।"
पिछले महीने, संयुक्त राज्य अमेरिका के संघीय अभियोजकों ने एक भारतीय खुफिया अधिकारी पर न्यूयॉर्क में खालिस्तान अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नून को कथित तौर पर मारने के लिए भारत से एक साजिश की योजना बनाने और निर्देशित करने का आरोप लगाया था। इस साजिश में कथित तौर पर एक अन्य भारतीय नागरिक और दो व्यक्ति, एक स्रोत और एक हिटमैन शामिल थे, जो गुप्त अमेरिकी अधिकारी निकले।
वहीं, अमेरिका के आरोपों पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, कि भारत ने उच्च स्तरीय जांच शुरू की है और यह "चिंता का विषय" है। संयुक्त राज्य अमेरिका ने कहा, कि वह इस मामले को "बहुत गंभीरता से" लेता है और इसमें भारत की जांच के "परिणाम देखने के लिए इंतजार करेगा।"
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा, कि "उन्होंने (भारतीय अधिकारियों ने) हमसे कहा, कि वे एक जांच करेंगे। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर जांच की घोषणा की है, और अब हम जांच के नतीजे देखने के लिए इंतजार करेंगे, लेकिन यह ऐसी चीज है जिसे हम बहुत गंभीरता से लेते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, कि "हम उस जांच के नतीजों को देखने के लिए उत्सुक हैं और मैं जांच पूरी होने से पहले जाहिर तौर पर कोई आकलन नहीं करने जा रहा हूं।"












Click it and Unblock the Notifications