‘भूखे रहे तो यीशु से मिलोगे’ केन्या में अंधविश्वास में पड़कर 21 लोगों की मौत, जंगल में मिली सामूहिक कब्रें
Kenya cult deaths: पुलिस ने 14 अप्रैल को चर्च के 15 अनुयायियों को बचाया था। उनमें से चार की अस्पताल ले जाने से पहले ही मौत हो गई थी। पुलिस ने कहा है कि मरने वाले लोगों की संख्या और कहीं अधिक हो सकती है।

केन्या में एक चर्च के पादरी द्वारा फैलाए गए अंधविश्वास के कारण अब तक 21 लोगों की भूख से मौत हो गई है। ऐसा दावा किया जा रहा है कि पादरी ने इन लोगों को भूखे रहने को कहा था ताकि उन्हें ईसा मसीह से मिला सके।
केन्याई पुलिस ने मालिंदी के तटीय शहर के पास किल्फी प्रांत में शाकाहोला से अब तक कुल 21 शव निकाले हैं। इन शवों में मृत बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि उन्हें 100 से अधिक शव मिलने की आशंका है। ये क्रब्र शाखोल जंगल में मिले हैं।
यही पर पिछले सप्ताह गुड न्यूज इंटरनेशनल चर्च के 17 सदस्यों को बचाया गया था। ये सभी भूखे मरने का इंतजार कर रहे थे। जब पुलिस ने इन्हें बचाया तब ये कुपोषित नजर आ रहे थे और भूख से इनकी हालत खराब थी। इन्होंने कहा था कि वे मैकेंजी और चर्च के अनुयायी हैं।
गुड न्यूज इंटरनेशनल चर्च के पादरी ने इन लोगों को कहा था कि अगर ये भूखे रह कर खुद को दफन कर लेते हैं तो इनकी मुलाकात यीशु से होगी और इन्हें स्वर्ग नसीब होगा। गुड न्यूज इंटरनेशनल चर्च का पादरी पॉल मैकेंजी नथेंग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पादरी मैकेंजी ने किसी भी प्रकार के गलत कामों से इनकार किया है। उसने जोर देकर कहा कि उसने 2019 में ही अपने चर्च को बंद कर दिया था। केन्याई दैनिक द स्टैंडर्ड ने कहा कि पैथोलॉजिस्ट डीएनए के नमूने लेंगे और यह निर्धारित करने के लिए परीक्षण करेंगे कि पीड़ितों की मौत भुखमरी से हुई है या नहीं।
इस मामले का खुलासा 13 अप्रैल को हुआ था। पुलिस को तलाशी के दौरान आस-पास के जंगलों में सामूहिक कब्रें मिली। पिछले ही महीने ही पादरी मैकेंजी को 2 बच्चों की मौत के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इन्हें भी भूख से मार दिया गया था। हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई थी।
इससे पहले भी सितंबर 2017 में, पुलिस ने द गुड न्यूज इंटरनेशनल चर्च पर छापा मारा था और लगभग 93 बच्चों को छुड़ाया था। इस दौरान भी पादरी मैकेंजी सहित कुछ अन्य उपदेशकों को गिरफ्तार किया गया था। पादरी मैकेंजी पर कट्टरता को बढ़ावा देने का आरोप लगा था। कुछ लाख रुपये की जमानत भरकर तभी भी मैकेंजी बच निकला था।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications