'2 साल पहले कहानी दूसरी थी, अब नुकसान पहुंचाया तो छोड़ेगे नहीं', अमेरिकी राष्ट्रपति की चीन को धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा- जब उन्होंने पद संभाला था तो कहानी और थी। तब अमेरिका नीचे जा रहा था और चीन अपनी ताकत बढ़ा था। लेकिन अब ऐसा नहीं है... अब हम कोरोना के बाद दुनिया की सबसे शक्तिशाली अर्थव्यवस्था हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मंगलवार रात को दूसरी बार स्टेट ऑफ द यूनियन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने चीन को धमकाते हुए कहा कि अगर वो खतरा पैदा करेंगे तो अमेरिका अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएगा। अपने एक घंटे से अधिक के संबोधन में चीन के साथ बैलून विवाद पर बाइडेन ने कहा कि वे चीन के साथ अमेरिका और दुनिया के हितों के लिए काम करने को तैयार हैं, लेकिन अगर वो हमें नुकसान पहुंचाएंगे तो हम अपनी रक्षा जरूर करेंगे।

पहले की कहानी दूसरी थी...
बाइडेन ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में विपक्षी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी के नियंत्रण के बाद विभाजित कांग्रेस में अपना पहला बड़ा भाषण देते हुए कहा, 'अगर चीन हमारी संप्रभुता को खतरे में डालता है, तो हम अपने देश की रक्षा के लिए काम करेंगे। उन्होंने विपक्षी पार्टी को साथ आने की अपील करते हुए कहा कि, चीन से मुकाबला करने के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए।' अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा- जब उन्होंने पद संभाला था तो कहानी और थी। तब अमेरिका के कमजोर होने की खबरें आती रहती थीं... तब अमेरिका नीचे जा रहा था और चीन अपनी ताकत बढ़ा था। लेकिन अब ऐसा नहीं है... अब हम कोरोना के बाद दुनिया की सबसे शक्तिशाली अर्थव्यवस्था हैं।

संघर्ष नहीं प्रतिष्पर्धा की चाह
जो बाइडेन ने आगे कहा, "मैंने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बातचीत में साफ कर दिया था कि हम संघर्ष नहीं प्रतिस्पर्धा चाहते हैं। हम अमेरिका को और मजबूत बनाने के लिए काम कर रहे हैं। साथ ही हम अपनी एडवांस्ड टेक्नोलॉजी की रक्षा के लिए साथी देशों के साथ काम कर रहे हैं, जिससे कोई और इसका गलत फायदा न उठा सके। हम चीन या दुनिया के किसी भी देश के साथ कॉम्पिटीशन के लिए बीते दशकों में सबसे मजबूत स्थिति में हैं।" बाइडेन ने कहा कि वे अमेरिका को मजबूत बनाने के लिए काफी निवेश कर रहे हैं।

शी जिनपिंग पर भड़क गए बाइडेन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि बीते दो सालों में लोकतंत्र कमजोर नहीं बल्कि मजबूत हुआ है। निरंकुशता ताकतवर नहीं बल्कि कमजोर हुई है। आप मुझे एक ऐसे नेता का नाम बताइये जो आज के समय में शी जिनपिंग की जगह लेना चाहेगा... मेरी नजर में कोई भी नेता ऐसा नहीं करेगा। अपने भाषण के दौरान बाइडेन पुतिन पर भी बोले। उन्होंने कहा कि हमने पुतिन की आक्रमकता के खिलाफ खड़ा होना चुना।

टेलीफोन वार्ता के प्रस्ताव को ठुकराया
आपको बता दें कि अमेरिकी हवाई क्षेत्र में एक चीनी जासूसी गुब्बारे को देखे जाने के बाद अमेरिका और चीन के बीच संबंध बिगड़ गए हैं। चीन ने अमेरिका के द्वारा टेलीफोन वार्ता के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने पेंटागन का हवाला देते हुए बताया कि चीन ने अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन और उनके बीजिंग समकक्ष वेई फेंघे के बीच टेलीफोन कॉल के लिए वाशिंगटन के अनुरोध को खारिज कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications