बाइडेन की यादाश्त पर उम्र का असर.. यूक्रेन युद्ध पर फिर फिसली जुबान, पुतिन पर क्या बोलना था, क्या बोल गए...
Joe Biden News: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन अपनी खराब यादाश्त के लिए अब आलोचनाओं का शिकार हो रहे हैं। 80 साल के हो चुके जो बाइडेन की अब सार्वजनिक कार्यक्रमों में जुबान फिसलने लगी है और वो कहना कुछ चाहते हैं, जबकि उनके मुंह से निकलता कुछ और है।
हालांकि, इसके बाद भी जो बाइडेन ने 2024 में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी दावेदारी का ऐलान कर दिया है और करीब करीब तय है, कि डेमोक्रेटिक पार्टी से जो बाइडेन ही राष्ट्रपति चुनाव में उतरेंगे। ताजा रिपोर्ट ये है, कि जो बाइडेन एक बार फिर से भूल गये, कि युद्ध यूक्रेन में चल रहा है।

बाइडेन की फिसली जुबान
अमेरिका के 80 साल के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बुधवार को कहा है, कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन "इराक में युद्ध हार रहे हैं" जब उन्हें इराक नहीं यूक्रेन कहना चाहिए था।
शिकागो की यात्रा के दौरान व्हाइट हाउस से प्रस्थान करने से पहले पत्रकारों से संक्षेप में बात करते हुए, जो बाइडेन से पूछा गया था, कि क्या व्लादिमीर पुतिन रूस के भाड़े के सैनिकों के प्रमुख वैगनर चीफ के नेतृत्व में किए गये संक्षिप्त विद्रोह से कमजोर हो गए हैं, जिनकी सेनाएं यूक्रेन के खिलाफ लड़ रही थीं?
तो इस सवाल के जवाब में जो बाइडेन ने कहा, कि "वास्तव में यह कहना मुश्किल है। लेकिन वह स्पष्ट रूप से 'इराक में युद्ध हार रहे हैं'। वह घरेलू युद्ध हार रहे हैं और वह दुनिया भर में एक तरह से 'अछूत' बन गए हैं। और यह सिर्फ नाटो नहीं है, यह सिर्फ यूरोपीय संघ नहीं है। यह जापान है , यह 40 राष्ट्र हैं, जहां पुतिन अछूत बन गये हैं।"
पिछले 24 घंटे में ये दूसरी बार है, जब जो बाइडेन की जुबान फिसली है।
मंगलवार की रात, राष्ट्रपति बाइडेन ने एक कार्यक्रम के दौरान चीन का जिक्र कर दिया, जबकि उन्हें भारत बोलना था, जबकि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक सप्ताह पहले व्हाइट हाउस दौरे को लेकर बात कर रहे थे।
जो बाइडेन ने कहा था, कि "आपने शायद मेरे नए सबसे अच्छे दोस्त को देखा, एक छोटे से देश के प्रधानमंत्री, जो अब दुनिया में सबसे बड़ा है, चीन ... मेरा मतलब है, क्षमा करें, भारत। भारत एक स्थायी गठबंधन की तलाश में नहीं है, लेकिन वे क्षेत्र में अपनी बचाव की तलाश मे हैं।"
80 साल के जो बाइडेन, इससे पहले भी कई बार यादाश्त के चक्कर में भूल कर चुके हैं।
अमेरिका में पिछले दिनों राष्ट्रपति चुनाव को लेकर कई ओपिनियल पोल कराए गये हैं, जिनमें जो बाइडेन की उम्र को लेकर लोगों के बीच काफी चर्चा है और उनकी उम्र को लेकर अमेरिका के लोगों में चिंताएं है। 21 से 24 अप्रैल के बीच रॉयटर्स के कराए गये एक सर्वे में पता चला, कि 73 प्रतिशत अमेरिकियों को मानना है, कि वो राष्ट्रपति बाइडेन को काम करने के लिहाज से बूढ़ा मानते हैं।
वहीं, 63 प्रतिशत डेमोक्रेटिक नेताओं का भी मानना है, कि बाइडेन अब काम करने की उम्र से बाहर जा चुके हैं। हालांकि, फरवरी में शारीरिक परीक्षण के बाद जो बाइडेन के डॉक्टर ने उन्हें स्वस्थ और "ड्यूटी के लिए फिट" घोषित किया था।












Click it and Unblock the Notifications