Jayshree Ullal Forbes 2026: भारतवंशी जयश्री कौन? अमेरिका की 7वीं सबसे अमीर सेल्फ-मेड महिला बनीं
Jayshree Ullal Forbes 2026: अमेरिका की सबसे अमीर सेल्फ-मेड महिलाओं की सूची में इस बार भारतीय मूल की जयश्री उल्लाल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फोर्ब्स की 2026 की 'अमेरिकाज रिचेस्ट सेल्फ-मेड विमेन' लिस्ट में उन्हें 7वां स्थान मिला है। करीब 6.8 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ वह इस सूची में शामिल सबसे सफल भारतीय मूल की महिला बनकर उभरी हैं।
खास बात यह है कि जयश्री ने यह मुकाम किसी पारिवारिक कारोबार के सहारे नहीं, बल्कि अपनी इंजीनियरिंग स्किल, लीडरशिप और दूरदर्शी सोच के दम पर हासिल किया है। कभी शून्य कमाई वाली एक छोटी कंपनी की कमान संभालने वाली जयश्री आज सिलिकॉन वैली की सबसे सफल टेक लीडर्स में गिनी जाती हैं।

Jayshree Ullal Forbes Richest Self Made Women 2026: लंदन में जन्म, दिल्ली में पढ़ाई
जयश्री उल्लाल का जन्म लंदन में भारतीय परिवार में हुआ, लेकिन उनकी परवरिश नई दिल्ली में हुई। बचपन से ही उन्हें टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग में दिलचस्पी थी। आगे की पढ़ाई के लिए वह अमेरिका चली गईं। वहां उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन और इंजीनियरिंग मैनेजमेंट में मास्टर्स किया। मजबूत टेक्निकल बैकग्राउंड ने उन्हें बाकी बिजनेस लीडर्स से अलग पहचान दी। यही वजह रही कि उन्होंने सिर्फ मैनेजमेंट नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी को समझते हुए बड़े फैसले लिए और इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बनाई।
Cisco में सीखा टेक बिजनेस का खेल
अरिस्टा नेटवर्क्स से जुड़ने से पहले जयश्री ने AMD और फेयरचाइल्ड सेमीकंडक्टर जैसी कंपनियों में काम किया। इसके बाद वह Cisco Systems का हिस्सा बनीं, जहां उन्होंने करीब 15 साल बिताए। इसी दौरान उन्हें बड़े स्तर पर टेक बिजनेस चलाने और नेटवर्किंग इंडस्ट्री को समझने का मौका मिला। Cisco में उन्होंने टॉप लीडरशिप के साथ काम किया और इंटरनेट क्रांति के दौर को करीब से देखा। यही अनुभव आगे चलकर उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बना और उन्होंने टेक मार्केट के भविष्य को समय रहते पहचान लिया।
2008 का रिस्क जिसने बदल दी जिंदगी
साल 2008 में जयश्री ने एक बड़ा फैसला लिया। उन्होंने Cisco जैसी दिग्गज कंपनी छोड़कर छोटे से स्टार्टअप Arista Networks का नेतृत्व संभाल लिया। उस समय कंपनी की कोई कमाई नहीं थी और मार्केट में पहचान भी नहीं थी। हालांकि जयश्री को भरोसा था कि क्लाउड कंप्यूटिंग भविष्य बदलने वाली है। उन्होंने कंपनी को उसी दिशा में तैयार किया। उनका यह दांव सफल रहा और Arista के नेटवर्किंग प्रोडक्ट्स दुनिया की बड़ी टेक और क्लाउड कंपनियों की पसंद बन गए। 2014 में कंपनी का IPO भी बेहद सफल रहा।
दुनिया में बढ़ा भारतीय महिलाओं का दबदबा
जयश्री उल्लाल की सफलता सिर्फ उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर भारतीय महिलाओं की बढ़ती ताकत की भी कहानी है। आज कई भारतीय मूल की महिलाएं दुनिया की बड़ी कंपनियों का नेतृत्व कर रही हैं। हेल्थकेयर, बैंकिंग, टेक, एंटरटेनमेंट और लग्जरी सेक्टर में भारतीय महिलाओं का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। जयश्री ने साबित किया है कि सही स्किल, विजन और मेहनत के दम पर दुनिया के सबसे प्रतिस्पर्धी बाजार में भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी कहानी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications