भारत में घर-घर फेसबुक पहुंचाने वाले ओलिवन बनेंगे जुकरबर्ग के नए सेनापति, मेटा में मिली ये बड़ी जिम्मेदारी
फेसबुक से मेटा तक के 14 सालों के सफर में अहम भूमिका निभाने वाली शेरिल सैंडबर्ग ने पद छोड़ने की घोषणा कर दी है। अब मेटा के सीओओ पद पर उनकी जगह जेवियर ओलिवन लेंगे।
वाशिंगटन, 02 जूनः फेसबुक से मेटा तक के 14 सालों के सफर में अहम भूमिका निभाने वाली शेरिल सैंडबर्ग ने पद छोड़ने की घोषणा कर दी है। अब मेटा के सीओओ पद पर उनकी जगह जेवियर ओलिवन लेंगे। फेसबुक को एक स्टार्टअप से डिजिटल दुनिया के शीर्ष पर पहुंचाने वालीं सैंडबर्ग ने फेसबुक पेज पर लिखा कि अब जिंदगी के एक नए चैप्चर की शुरुआत करने का वक्त आ गया है।

शेरिल सैंडबर्ग की लेंगे जगह
सैंडबर्ग को मेटा में मार्क जुकरबर्ग के बाद दूसरा सबसे प्रमुख अधिकारी माना जाता था। अब उनकी जगह ये जिम्मेदारी जेवियर ओलिवन संभालेंगे। जुकरबर्ग ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि मेटा के नए सीओओ पद का दायित्व अब ओलिवन देखेंगे। अबतक ओलिवन फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप और मैसेंजर का काम देख रहे थे।

2007 में किया फेसबुक ज्वाइन
ओलिवन के नाम फेसबुक को पूरी दुनिया में विस्तार देने का श्रेय जाता है। उन्होंने साल 2007 में फेसबुक ज्वाइन किया था। तब इस प्लेटफॉर्म पर 5 करोड़ से भी कम लोग थे, यह अमेरिका से बाहर बहुत हद तक निकला नहीं था। लेकिन अब फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे एप के कुल 3.6 अरब लोग यूजर्स हैं। सबसे खास बात ये है कि इसके 91 फीसदी यूजर्स अमेरिका और कनाडा से बाहर के लोग हैं।

वाट्सएप को फेसबुक से जोड़ा
ओलिवन ने फेसबुक को भारत, इंडोनेशिया, रूस, जापान, ब्राजील जैसे देशों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाई। कई रिपोर्टों के मुताबिक वह ओलिवन ही थे जिन्होंने फेसबुक को वाट्सएप का अधिग्रहण करने के लिए मनाया। इसके बाद ही जुकरबर्ग ने वाट्सएप को 19 बिलियन डॉलर खर्च कर अधिग्रहण करने में रूचि दिखाई। फेसबुक पर काम करने से पहले ओलिवन जापान के एनटीटी और सीमेंट का हिस्सा थे।

पर्दे के पीछे रहना पसंद
दुनिया को ओलिवन के बारे में कम ही मालूम है, क्योंकि वह पर्दे के पीछे रहकर ही काम करना पसंद करते हैं। सीएनबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक ओलिवन का जन्म 1977 में स्पेन में हुआ था। शुरुआती पढ़ाई स्पेन से ही करने के बाद उन्होंने स्टैंफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर्स की डिग्री हासिल की। सिलिकॉन वैली जाने से पहले उन्होंने यूरोप और एशिया में काम किया।

लंबे समय तक जुड़ी रहीं सैंडबर्ग
मेटा के सीओओ पद से इस्तीफा देने वालीं शेरिल सैंडबर्ग वर्ष 2008 में कंपनी से जुड़ी थीं। अपने लंबे कार्यकाल में सैंडबर्ग ने फेसबुक के डिजिटल विज्ञापन व्यवसाय को बेहतरीन ढंग से संभाला और कंपनी को नई ऊंचाइयों पर लेकर गई। फेसबुक को 100 अरब डॉलर वाली कंपनी बनाने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है। यही वजह है कि कंपनी में सैंडबर्ग दूसरे सबसे अहम पोस्ट पर इतने लंबे समय तक बनी रहीं।












Click it and Unblock the Notifications