दाऊद इब्राहिम का समधी होना गर्व की बात... पाकिस्तानी क्रिकेटर ने भारत के भगोड़े आतंकी की जमकर की तारीफ
Javed Miandad On Dawood Ibrahim: भारत के भगोड़े आतंकवादी दाऊद इब्राहिम को लेकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर जावेद मियांदाद ने कहा है, कि उनका समधी होना उनके लिए गर्व की बात है।
आपको बता दें, कि दाऊद इब्राहिम, जिसने की गुंडई, खून खराबा, हफ्ता वसूली करते करते मुंबई में आतंक की दुनिया कायम कर दी थी और जिसने 1993 में मुंबई में बम ब्लास्ट करवाया था, वो पाकिस्तान के मशहूर क्रिकेटर जावेद मियांदाद का समधी है।

मियांदाद ने की दाऊद इब्राहिम की तारीफ
जावेद मियांदाद ने भगोड़े अंडरवर्ल्ड आतंकवादी दाऊद इब्राहिम को ऐसे व्यक्ति के रूप में तारीफ की है, जिसने 'मुसलमानों के लिए बहुत कुछ किया है।'
पाकिस्तानी पत्रकार हसन निसार के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए जावेद मियांदाद ने अपने समधी दाऊद इब्राहिम को लेकर कहा, कि "मैं उन्हें दुबई से लंबे समय से जानता हूं। यह मेरे लिए सम्मान की बात है, कि उनकी बेटी ने मेरे बेटे से शादी की। मेरी बहू बहुत पढ़ी-लिखी है। वह एक कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ी और फिर वो एक प्रसिद्ध विश्वविद्यालय में गई।"
मियांदाद के बेटे जुनैद की शादी दाऊद की बेटी माहरुख से हुई है। 2005 में अभूतपूर्व सुरक्षा घेरे में इस जोड़े का विवाह दुबई में संपन्न हुआ था। मियांदाद ने आगे कहा, दाऊद के परिवार के बारे में लोगों की 'गलत धारणा' है।
मियांदाद ने कहा, कि "असली दाऊद इब्राहिम को समझना आसान नहीं है। लोग परिवार के बारे में जिस तरह सोचते हैं, वे वैसे नहीं हैं।"
भारत का रहने वाला दाऊद इब्राहिम एक वांटेड आतंकवादी है, और उसने मार्च 1993 के मुंबई में सिलसिलेवार बम विस्फोटों की साजिश रची थी, जिसमें भारत की वित्तीय राजधानी मुंबई में 250 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी। 'डी-कंपनी' का प्रमुख, एक संगठित अपराध सिंडिकेट चलाता था, जिसकी स्थापना उसने 1970 के दशक में मुंबई में की थी और ऐसा माना जाता है, कि दाऊद इब्राहिम, पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची के पॉश क्लिफ्टन इलाके में रहता है। हालांकि, पाकिस्तान ने बार-बार इस बात से इनकार किया है कि ये गैंगस्टर वहां रहता है।
इसी साल दाऊद इब्राहिम की मौत की अफवाह भी उड़ी थी, जिसे एक पाकिस्तानी यूट्यूबर पत्रकार ने उड़ाया था और माना जाता है, कि उसके पीछे ISI हो सकती है।
वहीं, मियांदाद ने करीब 20 साल (अक्टूबर 1976-मार्च 1996) के अंतरराष्ट्रीय करियर में पाकिस्तान के लिए 124 टेस्ट और 233 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय (वनडे) मैच खेले। एक बेहद शानदार बल्लेबाज, उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 8832 रन और 23 शतक बनाए, जबकि वनडे में उन्होंने आठ शतकों के साथ 7381 रन बनाए। लेकिन, मियांदाद को अकसर हिंदुओं के खिलाफ बोलते हुए देखा गया है और राम मंदिर को लेकर उन्होंने एक बार कहा था, कि जो भी हिंदू राम मंदिर में पूजा कर वापस लौटेगा, वो मुसलमान हो गया होगा।












Click it and Unblock the Notifications