बच्चा पैदा करने पर 5 लाख येन दे रही जापान सरकार, शादी करने पर भी होंगे मालामाल
जापान में स्वास्थ्य, श्रम और कल्याण मंत्रालय लोगों के बैंक में पैसे डाल रहा है ताकि लोगों को बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। दरअसल, जापान पिछले कुछ समय से अपनी घटती जन्म दर को बढ़ाने का प्रयास कर रहा है।

Image: File
Japan Trying To Boost Birth Rate: जापान सरकार अब लोगों को बच्चा पैदा करने और उन्हें अपने परिवार को बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए 'प्रसव और शिशु देखभाल एकमुश्त अनुदान' दे रही है। इस ग्रांट के तहत माता-पिता को उनके बच्चे के जन्म के बाद 420,000 येन यानि करीब 2 लाख रुपये से ज्यादा चाइल्डबर्थ एंड चाइल्डकेयर ग्रांट के रूप में दिया जा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुताबिक वहां की सरकार अब बच्चे पैदा करने पर सहयोग के रूप में दी जाने वाली राशि में बढ़ोतरी करेगी।

बच्चे पैदा करने पर मिलेंगे 5 लाख येन
जापान के स्वास्थ्य, श्रम और कल्याण मंत्री कात्सुनोबू काटो उस राशि को बढ़ाकर 500,000 येन करना चाहते हैं। पिछले सप्ताह उन्होंने इस प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए पिछले सप्ताह जापान के प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा से मुलाकात की थी। अब इस मांग को साल 2023 के वित्तीय वर्ष के लिए स्वीकृत और कार्यान्वित करने की उम्मीद की जा रही है। जापान का स्वास्थ्य, श्रम और कल्याण मंत्रालय कुछ समय के लिए गिरती जन्म दर को बढ़ावा देने के प्रयास में ऐसा कर रहा है।

जितने पैदा नहीं हुए उससे कहीं ज्यादा लोग मरे
सरकार को उम्मीद है कि इससे लोगों को बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकेगा। जापान की सरकार के आंकड़ों के मुताबिक साल 2021 में जापन में अब तक के सबसे कम बच्चे पैदा हुए। आंकड़ों के मुताबिक जापान में पिछले साल कुल 8,11,604 बच्चों का जन्म हुआ जबकि इसी साल में मरने वाले लोगों की संख्या 14 लाख से ज्यादा थी। जन्मदर में सुधार हो इसके लिए सरकार काफी समय से प्रयास में जुटी हुई है। हालांकि, ऐसी रिपोर्टें आई हैं कि सरकार की तरफ से मिलने वाली ग्रांट सभी खर्चों को कवर करने के लिए पर्याप्त नहीं है।

बच्चे पालने में बढ़ रहा खर्च
जापान में बच्चे पैदा नहीं करने वाले लोगों के प्राथमिक कारणों में से एक बढ़ती हुई लागत भी है। भले ही सरकार एक बच्चे के पैदा होने पर 5 लाख येन देने की योजना बना रही है लेकिन इसे पर्याप्त नहीं बताया जा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक बच्चे के जन्म के दौरान सभी खर्चों के बाद मुश्किल से 30,000 येन ही बच पाते हैं जो माता-पिता के लिए चाइल्डकेअर को कवर करने के लिए पर्याप्त नहीं है। हालांकि यह 2009 के बाद पहली बार हो रहा है जब सरकार 'प्रसव और शिशु देखभाल एकमुश्त अनुदान' में सीधे 80,000 येन की बढोतरी कर रही है।

शादी करने पर भी मिलेंगे पैसे
जापान में सरकार न सिर्फ बच्चे पैदा करने बल्कि शादी करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक सरकार ने घर बसाने के इच्छुक जोड़ों को छह लाख येन यानी करीब 4.25 लाख रुपए तक की प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया है। इसकी वजह भी घटती जन्मदर ही है। सरकार का प्रयास है कि लोग शादी कर जल्द बच्चे पैदा करें ताकि देश में तेजी से गिरती जा रही जन्म दर पर काबू पाया जा सके। इसके लिए सरकार अप्रैल से बड़े पैमाने पर इनाम देने का कार्यक्रम भी शुरू करने जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications