भारतमय हुआ ब्रिटेन का प्रधानमंत्री आवास, भारतीय मूल के प्रधानमंत्री ने भारतीय विदेश मंत्री के साथ मनाई दिवाली
Rishi Sunak Diwali: भारत पर शासन करने वाले अंग्रेजों ने शायद ही कभी सोचा होगा, कि एक वक्त आएगा, जब ब्रिटेन के प्रधानमंत्री आवास में कोई भारतीय मूल का प्रधानमंत्री, भारतीय विदेश मंत्री के साथ दिवाली का त्योहार मना रहा होगा। ट्रेन की पहली क्लास में सफर करते वक्त अंग्रेज कहा करते थे, "डॉग्स एंड इंडियन्स नॉट अलॉउड", लेकिन अब ब्रिटिश प्रधानमंत्री आवास में एक 'भारतीय' अपने कुत्ते के साथ ब्रिटेन के भाग्य का फैसला करता है।
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को 10 डाउनिंग स्ट्रीट में ब्रिटिश प्रधान मंत्री ऋषि सुनक और उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति से मुलाकात की और दिवाली के अवसर पर भारतीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से उन्हें शुभकामनाएं दीं।

ऋषि सुनक के साथ जयशंकर की दिवाली
भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर ने अपनी पत्नी क्योको जयशंकर के साथ यूके के पीएम ऋषि सुनक से मुलाकात की और उन्हें भगवान गणेश की मूर्ति और भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली के ऑटोग्राफ वाला एक क्रिकेट बैट भेंट किया।
उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, कि "दिवाली के दिन प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से मुलाकात कर काफी खुशी हुई। उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तरफ से शुभकामनाएं दी हैं।"
उन्होंने आगे लिखा, कि "भारत और ब्रिटेन सक्रिय रूप से समकालीन समय के लिए संबंधों को नए सिरे से तैयार करने में लगे हुए हैं। श्रीमान और श्रीमती सुनक को उनके गर्मजोशी भरे स्वागत और शालीनता के लिए धन्यवाद।"
आपको बता दें, कि भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस समय यूनाइटेड किंगडम की आधिकारिक यात्रा पर हैं, इस दौरान उनका अपने यूके समकक्ष जेम्स क्लेवरली के साथ बैठक करने का कार्यक्रम है। वह शनिवार को ब्रिटेन पहुंचे हैं और 15 नवंबर को अपनी यात्रा समाप्त करेंगे। वह अपनी यात्रा के दौरान कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात करेंगे।
जयशंकर का यूके यात्रा कार्यक्रम
विदेश मंत्री एस. जयशंकर के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में एक कार्यक्रम में भाग लेने और सोमवार को लंदन में भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित दिवाली रिसेप्शन को संबोधित करने की उम्मीद है। अगले हफ्ते के अंत में, उनके उत्तर प्रदेश से दो प्राचीन मंदिर की मूर्तियों के प्रत्यावर्तन समारोह में भी शामिल होने और 'एक अरब लोग दुनिया को कैसे देखते हैं' विषय पर चर्चा में शामिल होने की उम्मीद है।
लंदन में अपने यूके समकक्ष, विदेश सचिव जेम्स क्लेवरली के साथ उनकी बातचीत के दौरान, यह उम्मीद की जा रही है, कि ब्रिटिश प्रधान मंत्री ऋषि सुनक की अगले कुछ महीनों में भारत की संभावित यात्रा को लेकर तैयारियों को लेकर चर्चा होगी, जिसमें एजेंडो को लेकर बातचीत की जाएगी। भारतीय विदेश मंत्रालय ने दोनों पक्षों के बीच "गर्म और समृद्ध" संबंधों का भी उल्लेख किया।
इसके साथ ही, भारत-यूके व्यापक रणनीतिक साझेदारी को 2021 में भारत-यूके रोडमैप 2030 के साथ लॉन्च किया गया था, जिसका उद्देश्य कई क्षेत्रों में संबंधों का विस्तार करना है।
भारत-यूके FTA बातचीत
इसके अलावा, भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को लेकर लंबे समय बातचीत चल रही है, लेकिन ये बातचीत आखिरी नतीजों तक नहीं पहुंची है।
अनुमानित 36 अरब पाउंड के द्विपक्षीय व्यापार साझेदारी को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाने के लक्ष्य के साथ भारत और यूके पिछले साल जनवरी से मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत कर रहे हैं। वार्ता के 13 दौर हो चुके हैं और दोनों ही देशों के अधिकारियों को उम्मीद है, कि 2024 में होने वाले दोनों देशों के आम चुनावों से पहले ये समझौता हो जाएगा।
इससे पहले 3 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके यूके समकक्ष ऋषि सुनक ने टेलीफोन पर बातचीत के दौरान मुक्त व्यापार समझौते की प्रगति पर चर्चा की थी।
यूके सरकार ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा है, कि "यूके और भारत के बीच दोस्ती को और गहरा करते हुए दोनों देशों के नेताओं ने मुक्त व्यापार समझौते की बातचीत पर हालिया प्रगति पर चर्चा की। वे एक महत्वाकांक्षी सौदे को हासिल करने के महत्व पर सहमत हुए, जिससे दोनों पक्षों को फायदा हुआ।"
इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ऋषि सुनक ने पश्चिम एशिया में संघर्ष, खासकर इजराइल और हमास के बीच चल रहे युद्ध के संदर्भ में भी चर्चा की। दोनों नेताओं ने इज़राइल पर हमास के हमलों की निंदा की और दोहराया, कि आतंकवादी समूह हमास, फिलिस्तीनी लोगों का "प्रतिनिधित्व नहीं करता"।












Click it and Unblock the Notifications