जवान जेल अधिकारी को कैदी ने बनाया दीवाना, प्यार का चढ़ा बुखार तो तोड़ बैठी सारी 'हदें'
25 साल की 'ब्यूटी विद ब्रेन' प्यार में खो बैठी होश। जवान जेल अधिकारी को कैदी ने बनाया दीवाना, प्यार का चढ़ा बुखार तो तोड़ बैठी सारी 'हदें'। जेल में कैदी के साथ मिलकर कमाए करोड़ों।
लंदन, 30 जुलाई : बॉलीवुड फिल्मों में प्यार को लेकर कई तरह के डायलॉग लिखे गए हैं, प्यार बंदगी... प्यार अंधा होता है... प्यार को प्यार ही रहने दो... और भी बहुत कुछ। दरअसल, प्यार के बारे में सबसे पॉपुलर कहावत है- 'प्यार अंधा होता है...' और यह मामला शायद इसी तरह का है। प्यार लोगों से कुछ भी करा सकता है, ऐसा भी कई लोगों का मानना है। ये कहानी इसी थीम पर है। शायद इसीलिए महज 25 साल की एज में पुलिस की वर्दी पहनने के बाद भी एक 'ब्यूटी विद ब्रेन' प्यार के समय दिमाग का इस्तेमाल नहीं कर सकी। जेल ऑफिसर को कैदी से प्यार हो गया और इसके बाद सारी हदें टूट गईं।

जेल के अंदर ही शुरू कर दिया ‘धंधा’
25 साल की जवान जेल अधिकारी को जब कैदी से मोहब्बत हुई तो उसने नियमों को ताक पर धर दिया। सबकुछ भुलाकर जेल के अंदर ही शुरू कर दिया 'धंधा'। जी हां इस दिलचस्प किस्से में इंग्लैंड के डर्बीशायर में एचएमपी सडबरी जेल की महिला ऑफिसर को एक कैदी से मोहब्बत हो गई। 25 साल की इस महिला जेल अधिकारी का नाम एमा जॉनसन (Emma Johnson) है। एमा कैदी मार्कोस सोलोमन से प्यार कर बैठीं।
जिस जेल में बने पार्टनर इन क्राइम उसकी फोटो-
(फोटो सौजन्य- दसनडॉटकोडॉटयूके)

अधिकारी 25 की, कैदी 28 साल का
द सन डॉट यूके में छपी रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटेन के शहर Derbyshire में एमा जॉनसन एचएमपी सडबरी चौथी श्रेणी की जेल में पोस्टेड थीं। इसी जेल में 28 साल का कैदी मार्कोस सोलोमन भी लाया गया। 25 वर्षीय महिला जेल अधिकारी एमा मार्कोस सोलोमन से मोहब्बत कर बैठीं। बस फिर क्या था, प्यार सीमाओं को कहां मानता है, एमा के केस में भी यही हुआ। एमा ने मार्कोस के साथ मिलकर जेल में 'धंधा' शुरू कर दिया।

मोहब्बत के नशे में गैरकानूनी तरीकों का सहारा
प्रिजन ऑफिसर एमा जॉनसन कैदी मार्कोस सोलोमन की गैरकानूनी तरीके से मदद करने लगीं। द सन की रिपोर्ट में कहा गया है कि कैदी सोलोनम के पास जेल अधिकारी एमा का मोबाइल नंबर पाया गया। इसके बाद एमा जॉनसन शक के घेरे में आ गईं। रिपोर्ट के मुताबिक एमा कैदी से मोबाइल खरीद-फरोख्त के बारे में बातें करती थीं, जिसका इस्तेमाल जेल के अन्य कैदियों को मोबाइल मुहैया करने में होता था।

आईफोन जैसे उत्पादों तक पहुंच !
रिपोर्ट के मुताबिक एमा जॉनसन मार्कोस सोलोमन के साथ मिलकर महंगे से महंगे मोबाइल की खरीद-फरोख्त करती थीं। दोनों की चैटिंग के दौरान कई यूनिट आईफोन 5एस और आईफोन 6S जैसे ब्रांडेड और महंगे मोबाइल फोन का भी जिक्र मिला। द सन की खबर में कहा गया है कि एमा और मार्कोस एक दूसरे से पैसों के लेनदेन के बारे में भी बात करते पाए गए।

प्रेमी कैदी का सवाल, कितने पैसे कमाए ?
एक चैट में प्रिजन ऑफिसर एमा का लवर मारकोस उनसे पूछता है कि हम कितने पैसे बना रहे हैं। जवाब में एमा जॉनसन स्मैशिंग ईट (Smashing It) लिखती हैं। एमा और मार्कोस सोलोमन का मामला कोर्ट में जाने के बाद जांच हुई, दोनों को दोषी पाया गया। अदालत में सरकारी वकील ने दलीलें पेश करते हुए कहा कि दोनों के बीच षड्यंत्र में कुछ अज्ञात लोग भी शामिल हैं, जो मोबाइल की खरीद-फरोख्त में मदद करते थे। बाद में ऐसे फोन जेल के अंदर दूसरे कैदियों को दिए जाते थे।

लव बर्ड्स का 'स्मगलिंग बिजनेस' !
कैदियों को फोन दिलाने के बदले में एमा और मार्कोस सोलोमन हजारों पाउंड पैसे कमाते थे। पैसे एमा जॉनसन के बैंक अकाउंट में जाते थे। द सन की रिपोर्ट के मुताबिक एमा जॉनसन मार्कोस सोलोमन को जेल में होने वाली जांच के बारे में अलर्ट भी करती थीं, जिससे दोनों के 'स्मगलिंग बिजनेस' का पर्दाफाश न हो, लेकिन कहते हैं न कि कानून के हाथ लंबे होते हैं, इस मामले में भी ऐसा ही हुआ। जेल में हुई औचक जांच में मार्कोस की सेल में मोबाइल मिला। फोन में प्रिजन ऑफिसर एमा जॉनसन का नंबर पाया गया।

प्रेम कहानी पर जज की टिप्पणी
एमा जॉनसन को दोषी पाने के बाद सजा सुनाते हुए जज ने कहा, भले ही आपको प्यार हुआ हो लेकिन आप जिस पद पर हैं आपसे एक कैदी की इस प्रकार मदद करने की उम्मीद नहीं की जाती। जज ने कहा, एमा जॉनसन को सजा देना जरूरी है, क्योंकि आने वाले दिनों में दूसरे ऐसा करने से बचें। जज ने अपनी टिप्पणी में कहा कि जेल अधिकारी एमा जॉनसन ने जिस तरह से कैदी की मदद की, ये मौलिक भरोसे को तोड़ने जैसा (trust is fundamentally abused) है। जज ने एमा जॉनसन को 15 महीनों की कैद जबकि मारकोस को 13 महीने की कैद की सजा सुनाई।
ये रही महिला जेल अधिकारी Emma Johnson की तस्वीर
(फोटो क्रेडिट- द सनडॉटकोडॉटयूके)

कार बेचने की दुकान पर जेल अधिकारी
इस मामले में एमा के वकील ने कहा कि प्यार में अंधी हो चुकीं एमा को इस बात का एहसास नहीं रहा कि उन्हें इस अपराध की क्या सजा मिल सकती है ? वकील के मुताबिक एमा इतनी बेपरवाह हो गई थीं कि उन्होंने शुतुरमुर्ग जैसा बर्ताव किया। बालू में अपना सिर छिपा कर (element of burying her head in the sand) ऐसा समझा मानो कोई उसकी करतूत देख नहीं रहा। द सन की रिपोर्ट के मुताबिक दोषी जेल अधिकारी एमा जॉनसन को नौकरी से निकाल दिया गया। इसके बाद उन्होंने कुछ दिनों तक एक स्कूल में पढ़ाया, सजा मिलने के बाद स्कूल की नौकरी भी छूट गई। फिलहाल एमा एक कार बेचने वाली दुकान पर काम करती हैं और डर्बीशायर में अपनी मां के साथ रह रही हैं। मार्कोस सोलोमन बर्मिंघम में अपनी नई पार्टनर के साथ रह रहा है। मार्कोस एक बच्चे का पिता है और दूसरी बार बाप बनने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications