Istanbul Shooting: गोलियों की गूंज से थर्राया तुर्की, इजराइली दूतावास के बाहर सरेआम कत्लेआम, तीन की मौत
Istanbul Shooting: इस्तांबुल में इजराइली वाणिज्य दूतावास (Consulate) के पास हुई भीषण गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई है। तुर्की मीडिया के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावरों को मौके पर ही ढेर कर दिया। इस मुठभेड़ में दो पुलिस अधिकारी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तुर्की और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई इस घटना ने हड़कंप मचा दिया है। फिलहाल प्रशासन ने इलाके को सील कर दिया है और हमले के पीछे के मकसद की जांच शुरू कर दी है।

हमला और जवाबी कार्रवाई
जैसे ही दूतावास के बाहर गोलियों की आवाज सुनाई दी, वहां तैनात पुलिसकर्मी तुरंत अलर्ट हो गए। चश्मदीदों के मुताबिक हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू की थी, जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और उन्हें मार गिराया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इलाके में भारी अफरा-तफरी और सड़क पर खून से लथपथ लोग दिखाई दे रहे हैं। न्याय मंत्री अकिन गुरलेक ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से सबूत जुटा रही हैं।
खाली था दूतावास परिसर
रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले के वक्त वाणिज्य दूतावास के अंदर कोई भी इजराइली राजनयिक मौजूद नहीं था। दरअसल, गाजा युद्ध को लेकर तुर्की और इजरायल के रिश्तों में आई खटास के बाद यह दूतावास पिछले दो वर्षों से बंद चल रहा है। तुर्की ने विरोध स्वरूप यहां का कामकाज रोक दिया था। हालांकि, संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण यहां हमेशा पुलिस की भारी तैनाती रहती है, जिसकी वजह से हमलावर अंदर दाखिल नहीं हो सके।
ये भी पढे़ं: Netanyahu-Vance Clash: जंग के बीच आपस में भिड़े नेतन्याहू और जेडी वेंस, सवालों के घेरे में इजरायली PM की हरकते
हमलावरों की तलाश और जांच
तुर्की के गृह मंत्रालय ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। अभी तक हमलावरों की पहचान उजागर नहीं की गई है और न ही किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावरों को हथियार कहां से मिले और क्या उनके साथ कुछ और लोग भी शामिल थे। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमले की साजिश का पर्दाफाश हो सके।
ये भी पढे़ं: 'मैं जिंदा हूं', मरने की अफवाहों के बीच इजरायली PM नेतन्याहू का इंटरव्यू, बताया कैसे करेंगे ईरान को नेस्तनाबूद
इलाके में सुरक्षा का कड़ा पहरा
इस गोलीबारी के बाद पूरे इस्तांबुल में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। इजराइली दूतावास के आसपास के रास्तों को आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है। अन्य विदेशी दूतावासों और संवेदनशील सरकारी इमारतों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की आतंकी गतिविधि या हिंसा से सख्ती से निपटा जाएगा और दोषियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications