VIDEO: Gaza में Israel की एयरस्ट्राइक, पल भर में जमींदोज कर दी 14 मंजिला इमारत
नई दिल्ली, 13 मई। इजरायल और फिलिस्तीन के बीच चल रहा संघर्ष अब युद्ध की शक्ल अख्तियार करता नजर आ रहा है। इजरायल और फिलिस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास के बीच लगातार एक दूसरे पर हमले किए जा रहे हैं। अभी तक इजरायली हमले में हमास के नियंत्रण वाले गाजा में मरने वालों की संख्या 83 तक पहुंच गई है। वहीं इजरायल ने बताया है कि हमास के रॉकेट हमलों में उसके 7 नागरिक मारे गए हैं।
Recommended Video

इजरायल का ताजा हमला
इजरायल के एक ताजा हमले में गाजा स्थिति एक बहुमंजिला इमारत पल भर में देखते ही देखते जमींदोज हो गई है। इस हमले का वीडियो भी सामने आया है। इजरायली रक्षा बल ने कहा है कि इस बिल्डिंग में हमास का दफ्तर था और उसके हमास के नेताओं को निशाना बनाने के लिए बिल्डिंग पर हमला किया है। इजरायल ने ये भी कहा कि हमले के पहले उसने बिल्डिंग में रह रहे लोगों को इसे खाली करने को कहा था और उन्हें पर्याप्त समय दिया था।

14 मंजिला इमारत पल भर में धराशायी
इजरायल ने ये हमला हमास के रॉकेट हमलों के जवाब में बुधवार को किया था। कतर के न्यूज चैनल अलजजीरा ने इस बारे में रिपोर्ट करते हुए बताया कि इस 14 मंजिला इमारत का नाम अल-शोरूक टॉवर था। इसमें मीडिया हाउसों के भी दफ्तर थे।
बिल्डिंग पर हमले के कई वीडियो सामने आए हैं जिसमें बहुमंजिला इमारत हमले के बाद मात्र कुछ सेकंड में भरभराकर जमींदोज हो जाती है। वहीं हमले के बाद हमास ने इजरायल के ऊपर और रॉकेट हमलों की धमकी दी है।

कैसे शुरु हुआ संघर्ष?
दो दिन पहले येरूशलम की अल अक्सा मस्जिद में इजरायल के बल प्रयोग के बाद हमास ने इजरायली इलाकों में सैकड़ों रॉकेट दागे थे। इजरायल के आयरन डोम मिसाइल सिस्टम ने बड़ी संख्या में रॉकेट को गिरने से रोका था लेकिन कई रॉकेट इजरायली इलाकों में गिर गए थे। इनमें एक भारतीय नर्स समेत तीन लोग मारे गए थे।
हमास के हमले के बाद इजरायल ने गाजा में जोरदार एयरस्ट्राइक कर हमास के ठिकानों को निशाना बनाया है। इजरायली हमले में हमास के कई कमांडर मारे गए हैं जिनकी पुष्टि उसने खुद की है। गाजा में हमले के बाद हमास ने इजरायल को अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए और ज्यादा रॉकेट हमले करने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications