गाजा पट्टी से इजराइल ने 6 और बंधकों के शव किए बरामद, क्या हमास के खिलाफ हमले और होंगे तेज?
Israel Hostage News: इजरायली सेना ने मंगलवार को घोषणा की है, कि उसने 7 अक्टूबर को हमास के हमले के दौरान बंधक बनाए गए छह और बंधकों के शव बरामद कर लिए हैं। यह घटना तब सामने आई है, जब अमेरिका और अरब मध्यस्थ युद्धविराम पर बातचीत करने और हमास के कब्जे से बंधकों को रिहा करने के लिए युद्धविराम समझौते पर बात कर रहे हैं।
इजराइली बंधकों के शव दक्षिणी गाजा में एक रात के ऑपरेशन में बरामद किए गए हैं, हालाँकि मौतों के बारे में विवरण का खुलासा नहीं किया गया है।

बंधक परिवारों के एक मंच ने पुष्टि की है, कि इन सभी लोगों को जिंदा बंधक बनाया गया था, जिनकी अब मौत हो चुकी है। हालांकि, हमास ने दावा किया है, कि कुछ बंदी इजराइली हवाई हमलों में मारे गए हैं या घायल हो गए हैं। इन शवों के मिलने से हमास को झटका लगा है, जिसका लक्ष्य बंधकों को फिलिस्तीनी कैदियों के बदले में रिहा करना, गाजा से इजराइली सैनिकों की वापसी और स्थायी युद्धविराम है।
वहीं, इस घटना से इजराइली सरकार पर जीवित रहने वाले बाकी बंधकों को रिहा कराने के लिए भी दबाव और बढ़ने की संभावना है।
मारे गये पीड़ितों की हुई पहचान
हमास के कैद में मारे गये इन इजराइली बंधकों की पहचान इजराइली सेना ने चैम पेरी (80), योरम मेट्जगर (80), अब्राहम मुंडर (79), अलेक्जेंडर डैनसीग (76), नादव पोपलवेल (51) और यागेव बुचश्टाव (35) के रूप में की है।
मेट्जगर, मुंडर, पोपलवेल और बुचश्टाव के परिवार के सदस्य भी अपहृत हो गए थे, लेकिन नवंबर में हुए युद्धविराम के दौरान उन्हें आजाद करवा लिया गया था। किबुत्ज़ निर ओज़ ने मंगलवार को मुंडर की मौत की पुष्टि करते हुए कहा, कि महीनों तक शारीरिक और मानसिक यातना सहने के बाद उनकी मौत हो गई है।
प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बंधकों के शव मिलने पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक बयान में कहा, "इजरायल राज्य अपने सभी बंधकों को वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा - जीवित और मृत दोनों।" रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने भी ऑपरेशन की सराहना की, जो हमास के व्यापक सुरंग नेटवर्क के भीतर किया गया था। शवों को बरामद करने के अभियान के दौरान इजराइलियों या फिलिस्तीनियों में, किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है।
हमास के कब्जे में अभी भी इजराइली बंधक
माना जा रहा है, कि हमास अभी भी 7 अक्टूबर के हमले से लगभग 110 बंधकों को बंदी बनाए हुए है। इजराइली अधिकारियों का अनुमान है, कि इनमें से लगभग एक तिहाई बंधक मर चुके हैं। युद्ध शुरू होने के बाद से अपने नौवें दौरे पर, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने बताया है, कि नेतन्याहू ने युद्धविराम वार्ता में अंतर को पाटने के उद्देश्य से एक प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। ब्लिंकन ने हमास से भी प्रस्ताव को स्वीकार करने का आग्रह किया।
हमास ने संयुक्त राज्य अमेरिका पर इजराइली मांगों का पक्ष लेने और आतंकवादी समूह पर उन्हें थोपने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों के बीच महत्वपूर्ण मतभेद बने हुए हैं, जिसमें गाजा में दो रणनीतिक गलियारों पर इजराइल के नियंत्रण की मांग शामिल है, जिसका हमास विरोध करता है।
गाजा में 40 हजार से ज्यादा मौतें
7 अक्टूबर को हमास के नेतृत्व वाले आतंकवादियों ने इजरायल की सुरक्षा को भेद दिया था और दक्षिणी क्षेत्रों पर हमला किया था, जिससे लगभग 1,200 लोग मारे गए थे, जिनमें से ज्यादातर नागरिक थे। हमास के आतंकियों ने करीब 250 लोगों को बंधक बना लिया था। पिछले साल इजराइल में कैद फिलिस्तीनियों की रिहाई के बदले में एक हफ्ते के युद्धविराम के दौरान 100 से ज्यादा बंधकों को रिहा कर दिया गया था।
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजराइल के जवाबी हमले के कारण 40,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं। हालांकि, उसने ये नहीं बताया है, कि इनमें से कितने आतंकवादी थे। हवाई और जमीनी अभियानों ने गाजा पट्टी में व्यापक विनाश किया है और गाजा के 23 लाख निवासियों की जिंदगी को बदलकर रख दिया है। लाखों लोग बेघर हो चुके हैं और गाजा पट्टी में लोग भुूखमरी के शिकार हो रहे हैं।
मंगलवार तड़के मध्य गाजा में इजराइली हवाई हमले में पांच बच्चे और उनकी मां की मौत होने की रिपोर्ट है। अल-अक्सा शहीद अस्पताल ने इन लोगों के मारे जाने का दावा किया है। एसोसिएटेड प्रेस के एक रिपोर्टर ने अस्पताल में शवों की गिनती की है।
दूसरी तरफ, हमास इजराइली बंधकों की रिहाई के बदले अपने ज्यादा से ज्यादा आतंकियों को जेल से रिहा करवाना चाहता है, इसलिए वो गाजा में विनाश को नंगी आंखों से देख रहा है। ब्लिंकन ने मंगलवार को मिस्र की यात्रा की है और उनके कतर में भी वार्ता करने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications