बधाई हो...! PM मोदी की लगातार तीसरी जीत पर गदगद हुए इस देश के प्रधानमंत्री, हिन्दी में लिखा बधाई संदेश
Netanyahu congratulates PM Modi: इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कल जारी हुए चुनावी नतीजों के बाद 2024 में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं हैं।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा, कि "मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई देता हूं। भारत और इजराइल के बीच मित्रता नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ती रहे। बधाई हो!"

इससे पहले आज यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमीर जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जीत हासिल करने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं हैं। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, "मैं भारत में दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक चुनावों के सफल आयोजन का स्वागत करता हूं। भारत के संसदीय चुनावों में लगातार तीसरी जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को बधाई।"
इसके अलावा, उन्होंने वैश्विक परिप्रेक्ष्य में भारत के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित किया और इस बात पर जोर दिया, कि "दुनिया में हर कोई वैश्विक मामलों में भारत की भूमिका के महत्व और प्रभाव को पहचानता है।"
भारत लोकसभा चुनाव परिणाम
भारत के चुनाव आयोग ने सभी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित कर दिए हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने 543 सीटों में से 240 सीटें जीती हैं और कांग्रेस ने 99 सीटें जीती हैं। भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए 543 सदस्यीय लोकसभा में 272 के बहुमत के आंकड़े से काफी पीछे रह गई है। भाजपा 2014 के बाद पहली बार जादुई संख्या से पीछे रह गई है।
इसके अलावा, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने उम्मीद जताई कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत और यूक्रेन के बीच संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा, "मैं भारत के लोगों के लिए शांति और समृद्धि की कामना करता हूं, और मैं हमारे देशों के बीच निरंतर सहयोग की आशा करता हूं। भारत और यूक्रेन समान मूल्य और समृद्ध इतिहास साझा करते हैं। हमारी साझेदारी हमारे देशों के लिए प्रगति और आपसी समझ लाते हुए आगे बढ़ती रहे।"
इसके अलावा, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे और नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आम चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की जीत पर बधाई दी और उनके साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई। श्रीलंका के राष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, "मैं बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को उसकी जीत पर हार्दिक बधाई देता हूं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रगति और समृद्धि में भारतीय लोगों के विश्वास को दर्शाता है।"
उन्होंने कहा कि निकटतम पड़ोसी श्रीलंका भारत के साथ साझेदारी को और मजबूत करने के लिए तत्पर है।
नेपाल के प्रधानमंत्री 'प्रचंड' ने अपने भारतीय समकक्ष नरेन्द्र मोदी को उनकी पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन की चुनावी सफलता पर बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "लोकसभा चुनावों में भाजपा और एनडीए की लगातार तीसरी बार चुनावी सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई। हम भारत के लोगों की उत्साही भागीदारी के साथ दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक अभ्यास के सफल समापन पर काफी खुश हैं।"












Click it and Unblock the Notifications