इजरायली पीएम ने कहा आतंकवाद का समर्थन करते हैं मून
जेरुसलेम। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक विवादास्पद बयान में संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून को आतंकवाद का समर्थक बताते हुए उन पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। नेतन्याहू ने यह आरोप मून के एक कमेंट की वजह से लगाया है। इस कमेंट में मून ने फिलीस्तीनियों की चर्चा की थी।

उन्होंने कहा था कि पश्चिमी तट के कब्जे वाले क्षेत्र के दबाये गए लोगों का यह स्वाभाविक है कि वह दमन के विरूद्ध आवाज उठायें।
यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल की हाल की बैठक में मून ने फिलीस्तीनियों द्वारा इजरायलियों पर छुरे से वार की निंदा की थी किन्तु साथ ही उन्होंने कहा था कि कब्जे वाले क्षेत्रों के लोगों द्वारा अपने आपको दबाये जाने के विरूद्ध अपनी आवाज उठाना स्वाभाविक है।
पिछले वर्ष अक्टूबर के बाद से पश्चिमी तट के कब्जे वाले क्षेत्र के संघर्ष में 153 फिलीस्तीनी और 28 इजरायली मारे गये थे।
नेतन्याहू ने एक बयान में कहा कि आतंकवाद का कोई औचित्य नहीं है। मून ने अब तक अपने शब्दों के चयन में सावधानी बरती थी लेकिन लगता है कि वह अपना पद छोड़ने से पहले अधिक सफाई से बात करना चाहते हैं।
सोमवार को पश्चिमी तट पर हुए हमले में इजरायल की एक 24 वर्षीया महिला की मौत हो गई थी। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी घटना है। इजरायल के एक सिक्योरिटी गार्ड ने दो फिलीस्तीनियों को मार गिराया है। इजरायलियों का कहना है कि फिलीस्तीन के जो लोग मारे गये उनमें अधिकांश हमलावर थे।
नेतन्याहू ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र ने कुछ समय पहले ही अपनी तटस्थता खो दी थी। हमला करने वाले फिलीस्तीनी राज्य नहीं चाहते बल्कि वह इजरायल को नष्ट करना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications