Israel-Iran War: इजराइली हमले के जवाब में 1000 बैलिस्टिक मिसाइल? जानिए अब ईरान कहां कहां कर सकता है अटैक?
Israel-Iran War: राजधानी तेहरान समेत कई ईरानी शहरों पर इजराइल ने भीषण बमबारी की है और इजराइल डिफेंस फोर्स ने कहा है, कि ईरानी सैन्य ठिकानों पर बमबारी कर उसके फाइटर जेट वापस लौट आए हैं। यानि, इजराइल का बदला पूरा हो गया है, लिहाजा अब सवाल उठ रहे हैं, कि क्या अब ईरान एक हजार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला करेगा।
रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान ने धमकी दी थी, कि यदि इस्लामी गणराज्य पर नियोजित इजराइली जवाबी हमले में बड़ी संख्या में नागरिक हताहत होते हैं और व्यापक विनाश होता है, तो ईरान, इजरायल पर 1,000 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला कर सकता है।

ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के दो अधिकारियों सहित चार अधिकारियों ने द न्यूयॉर्क टाइम्स को इजराइल के इस हमले से पहले बताया था, कि "यदि देश पर लंबे समय से अपेक्षित हमलों से देश के महत्वपूर्ण ऊर्जा बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचता है, तो इजराइल को तेहरान द्वारा बड़े पैमाने पर जवाबी कार्रवाई की उम्मीद करनी चाहिए।"
आपको बता दें, कि 1 अक्टूबर को इजराइल पर ईरान ने हमले किए थे, जिसमें इजराइली सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी। हालांकि, ईरानी हमले में इजराइल को नुकसान नहीं पहुंचा है। वहीं, हिज्बुल्लाह के नेता हसन नसरल्लाह समेत कई ईरानी प्रॉक्सी नेताओं की हत्या के बाद ईरान और इजराइल के बीच तनाव काफी बढ़ा हुआ है।
ईरान कहां-कहां कर सकता है हमला?
एक हजार मिसाइलों के हमले के अलावा, ईरान खाड़ी शिपिंग को भी निशाना बना सकता है और तेहरान के क्षेत्रीय प्रॉक्सी इजराइल के खिलाफ हमलों की संख्या बढ़ा सकता है, और संभवतः क्षेत्रीय ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बना सकता है, जिससे तेल की कीमतें आसमान छू सकती हैं।
सूत्रों ने कहा है, कि अगर इजरायल अपने हमलों को कम से कम नुकसान पहुंचाने वाली सैन्य सुविधाओं तक सीमित रखता है, तो ईरान शायद कोई जवाब न दे। हालांकि, फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है, कि इजराइली हमले में ईरान को कितना नुकसान पहुंचा है। लेकिन, माना जा रहा है, कि इजराइल ने सीमित हमला किया है और शायद उसका इरादा, ज्यादा नुकसान पहुंचाना नहीं था, लिहाजा ये भी हो सकता है, कि ईरान, शायद फिर हमला ना करे।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पिछले हफ्ते रूस में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में कहा था, कि "इजराइल के हमले की स्थिति में, हमारी प्रतिक्रिया का स्वरूप आनुपातिक और गणना के अनुसार होगा।"
वहीं, अमेरिका ने इजराइल में THAAD एंटी-मिसाइल बैटरियां तैनात की हैं, जो यह संकेत देती हैं कि प्रतिक्रिया बड़ी हो सकती है। ऐसा कहा जाता है, कि ईरान पर योजनाबद्ध हमले के विवरण अमेरिका से लीक होने के बाद इजराइल ने अपनी प्रतिक्रिया में देरी की थी, लेकिन अब इजराइल ने हमला कर दिया है और ईरान के जवाब का इंतजार किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications