'डर्टी इंडियन', आयरलैंड में बढ़ रही भारतीयों के लिए नफरत! 6 साल की बच्ची हुई नस्लभेदी हमले का शिकार
Ireland Racially Motivated Attacks: छह साल की मासूम बच्ची अपने घर के बाहर दोस्तों के साथ खेल रही थी। वह हंस रही थी, खुश थी - लेकिन कुछ ही पल में उसकी मुस्कान डर में बदल गई। आयरलैंड के वॉटरफोर्ड सिटी में रहने वाली इस भारतीय मूल की बच्ची पर कुछ किशोरों ने सिर्फ इसलिए हमला कर दिया क्योंकि वह भारतीय थी। उसे 'डर्टी इंडियन' कहकर अपशब्द बोले गए, और उसके साथ हिंसा की गई।
यह कोई अकेली घटना नहीं है। डबलिन में एक भारतीय शेफ पर भी दिन-दहाड़े हमला हुआ। हाल के दिनों में आयरलैंड में भारतीयों को निशाना बनाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे वहां रह रहे भारतीय समुदाय में डर और चिंता का माहौल है। आयरलैंड, जिसे एक सुरक्षित और समावेशी देश माना जाता है, अब वहां रहने वाले भारतीयों के लिए चिंता का कारण बनता जा रहा है। ताजा घटनाएं दिखाती हैं कि कैसे नस्लीय नफरत की आग बच्चों तक पहुंच चुकी है।

घर के बाहर खेल रही थी मासूम
आयरलैंड के वॉटरफोर्ड सिटी में एक 6 साल की भारतीय मूल की बच्ची पर नस्लीय हमला किया गया। यह बच्ची केरल के कोट्टायम जिले से ताल्लुक रखने वाले परिवार की है। सोमवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपने घर के बाहर दोस्तों के साथ खेल रही थी, तभी 12 से 14 साल के पांच लड़कों और 8 साल की एक लड़की ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने बच्ची को "डर्टी इंडियन" कहकर अपशब्द कहे और भारत वापस जाने को कहा। इसके बाद उन्होंने बच्ची के चेहरे पर मुक्का मारा, साइकिल से उसके निजी अंग पर हमला किया, गर्दन पर भी मारा और बाल खींचे।
ये भी पढ़ें: भारत के साथ-साथ ब्राजील भी ट्रंप के रडार पर! दोनों देशों पर लगाया 50% टैरिफ, देखें ग्लोबल लिस्ट
मां बोलीं- अब खेलने से डरती है मेरी बेटी
बच्ची की मां ने बताया कि उनकी बेटी इस हमले के बाद बुरी तरह डर गई है और अब वह बाहर खेलने से डर रही है। उन्होंने कहा, "मैं 8 साल पहले आयरलैंड आई थी। नर्स के रूप में यहां सेवा दे रही हूं। मैंने आयरिश नागरिकता भी ले ली, लेकिन अब भी हमें गंदा कहा जाता है। यहां तक कि मेरे बच्चों की भी सुरक्षा नहीं है।"
पुलिस कर रही जांच
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद आयरलैंड की पुलिस (गार्डाई) ने वॉटरफोर्ड सिटी के किलबैरी इलाके में हुई इस घटना की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कोलकाता के शेफ पर भी हमला
इस घटना के ठीक दो दिन बाद बुधवार सुबह एक और भारतीय नागरिक पर हमला किया गया। कोलकाता के रहने वाले लक्ष्मण दास डबलिन के एक होटल 'अनंतारा' में शेफ के तौर पर काम करते हैं। वह जब अपने काम पर जा रहे थे, तो हिल्टन होटल के पास तीन लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
लगातार बढ़ रहे हैं हमले
हाल के दिनों में आयरलैंड में भारतीयों पर हमले बढ़े हैं। 19 जुलाई, 24 जुलाई, 27 जुलाई और 1 अगस्त को भी भारतीय नागरिकों पर हमले हो चुके हैं। 1 अगस्त को एक टैक्सी ड्राइवर को पीटा गया था। पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है लेकिन अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें: Sourav Ganguly: सौरव गांगुली लड़ सकते हैं चुनाव! टीम इंडिया के पूर्व कप्तान की वापसी पर आया बड़ा अपडेट












Click it and Unblock the Notifications