Iran–Israel conflict: परमाणु ठिकानों पर हमले का ईरान ने लिया बदला, कतर में अमेरिकी बेस पर दागीं मिसाइलें
Iran-Israel conflict: तेहरान के प्रमुख परमाणु स्थलों पर संयुक्त राज्य अमेरिका के हमले के बाद ईरान ने सोमवार को अमेरिका को करारा जवाब देने की चेतावनी दी थी। ईरान की सेना प्रमुख द्वारा अमेरिका को चेतावनी देने के कुछ घंटे बाद ही ईरान ने कतर में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर दनादन छह मिसाइलें दागीं हैं। ये अमेरिकी एयरबेस पर सबसे बड़ा ईरानी हमला बताया जा रहा है।
ईरानी स्टेट टेलीविजन के अनुसार ईरान ने 'ऑपरेशन बशारत फतेह' की शुरुआत की घोषणा की है। जिसमें अल उदीद एयर बेस पर हमले को तेहरान द्वारा अमेरिका की "खुली सैन्य आक्रामकता" के खिलाफ अभियान का हिस्सा बताया गया है।

अल उदीद एयर बेस: अमेरिका का महत्वपूर्ण ठिकाना
बता दें अमेरिका के लगभग 10,000 सैनिक अल उदीद एयर बेस पर तैनात हैं, जो दोहा के बाहर स्थित है। यह मध्य पूर्व में सबसे बड़ा अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठान है और पूरे क्षेत्र में संचालन के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य करता है। समाचार एजेंसियों रॉयटर्स और एएफपी के अनुसार, मिसाइल लॉन्च के तुरंत बाद कतर की राजधानी दोहा में धमाकों की आवाजें सुनी गईं।
कतर ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए दी ये चेतावनी
क़तर में ईरान द्वारा किए गए हमले के बाद वहां अफरातफरी मच गई है। याद रहे क़तर ने अपने इतिहास में ये पहला मिसाइल हमला देखा है। इस हमले के बाद कतर के प्रधानमंत्री के सलाहकार और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने x पर पोस्ट लिखा, "कतर राज्य ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड द्वारा अल-उदीद एयर बेस को निशाना बनाकर किए गए हमले की कड़ी निंदा करता है। हम इसे कतर राज्य की संप्रभुता, उसके हवाई क्षेत्र, अंतर्राष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का घोर उल्लंघन मानते हैं। इंटननेशनल लॉ के तहत बेशर्मी पूर्ण आक्रमण की प्रकृति और पैमाने के अनुरूप सीधे जवाब देने का अधिकार सुरक्षित रखता है।"
बता दें सोमवार को सुबह ही कतर ने अस्थायी रूप से अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया था। यह कदम अमेरिकी और ब्रिटिश दूतावासों द्वारा जारी किए गए परामर्शों के बाद उठाया गया, जिसमें वहां मौजूद अपने नागरिकों को "उच्च सुरक्षा खतरे" के कारण आश्रय लेने की सलाह दी गई थी। अचानक दी गई चेतावनी के बाद दोहा में अलर्ट जारी कर दिया गया, जिससे स्कूलों, विश्वविद्यालयों और कार्यालयों जैसे कई संस्थानों ने कर्मचारियों और छात्रों को अगली सूचना तक घर के अंदर रहने के निर्देश भेजे।












Click it and Unblock the Notifications