तेल अवीव पर ईरान का बड़ा हमला, ‘Operation True promise 3’ के तहत इजराइल पर जवाबी कार्रवाई से बढ़ा तनाव
Israel Iran War News: पश्चिम एशिया एक बार फिर युद्ध के मुहाने पर खड़ा है। शुक्रवार, 13 जून की रात इजरायल की राजधानी तेल अवीव समेत कई इलाकों पर ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलों की भारी बमबारी की गई। ईरान ने इस कार्रवाई कहा और इसे 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 3' नाम दिया गया है।
यह जवाबी हमला इजरायल द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन राइजिंग लायन' के जवाब में किया गया, जिसमें ईरान के कई उच्चस्तरीय सैन्य व वैज्ञानिक अधिकारियों की मौत हुई थी।

ईरान का बड़ा ऐलान: "हमने दिया करारा जवाब"
ईरानी सैन्य संगठन इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने बयान जारी करते हुए कहा कि इजरायल द्वारा किए गए हमलों के जवाब में "क्रशिंग और सटीक हमला" किया गया है। ईरान ने कहा कि इजरायल ने जो
"बच्चों का हत्यारा और आतंकी कृत्य" किया था, उसके खिलाफ यह कार्यवाही "ईश्वर की शक्ति, सर्वोच्च नेता के मार्गदर्शन और ईरानी राष्ट्र के एकजुट समर्थन" से की गई।
IRGC के बयान के अनुसार, "Operation True promise 3" के तहत दर्जनों सैन्य अड्डों, वायुसेना केंद्रों और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया गया है। ईरान ने इस हमले की शुरुआत 'या अली इब्न अबी तालिब' के पवित्र कोड वाक्य के साथ की और यह कार्यवाही इस्लामी त्योहार ईद अल-गदीर की पवित्र रात में शुरू की गई।
इजरायली ऑपरेशन में मारे गए ईरान के शीर्ष अधिकारी
ईरान का यह बदला उस इज़रायली हमले के जवाब में आया है जिसमें ईरान की राजधानी तेहरान में की गई बमबारी में IRGC के प्रमुख होसैन सलामी, सशस्त्र बलों के प्रमुख जनरल मोहम्मद बाघेरी सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई थी। यह हमला शुक्रवार तड़के किया गया था और इसे 'ऑपरेशन राइजिंग लायन' नाम दिया गया।
ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इज़रायली हमले में कई वैज्ञानिक, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और आम नागरिक-जिनमें बच्चे भी शामिल हैं-मारे गए। इस "शहीदी" के बाद ईरान में आक्रोश फैल गया और तुरंत ही जवाबी कार्रवाई की योजना बनाई गई।
इजरायल पर मिसाइलों की बरसात
शुक्रवार, 13 जून रात को जैसे ही ईरान की ओर से सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइलें छोड़ी गईं, पूरे इजरायल में एयर रेड सायरन बजने लगे। उत्तरी इजरायल के साथ-साथ यरूशलम और रमात गान जैसे शहरों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इज़रायली पुलिस के अनुसार, रमात गान में मिसाइल के टुकड़े गिरने से एक महिला की मौत हो गई है, जबकि अब तक कुल 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
इजरायली रक्षा बल (IDF) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, "हम दिन में एक ही बात बार-बार ट्वीट नहीं करना चाहते, लेकिन जब लाखों इज़रायली लगातार शरणस्थलों की ओर भाग रहे हों और ईरान लगातार मिसाइलें बरसा रहा हो, तब यह ज़रूरी हो जाता है।"
ईरान का सख्त संदेश: "हम चुप नहीं बैठेंगे"
ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई ने इजरायल को चेतावनी देते हुए कहा, "इस्लामी गणराज्य की सशस्त्र सेनाओं का शक्तिशाली हाथ इस हमले को यूं ही नहीं जाने देगा। हम इसका कड़ा बदला लेंगे।" इस बयान के कुछ ही घंटों बाद 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 3' शुरू कर दिया गया।
क्या पश्चिम एशिया में बड़ा युद्ध होगा?
अब सवाल उठता है कि क्या यह संघर्ष एक पूर्ण युद्ध में तब्दील हो सकता है? दोनों ही देशों की ओर से की गई कार्रवाइयों ने पूरे मध्य पूर्व को दहशत में डाल दिया है। अमेरिका, रूस, चीन और संयुक्त राष्ट्र ने फिलहाल इस पर कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन क्षेत्रीय और वैश्विक तनाव स्पष्ट रूप से बढ़ चुका है।
IRGC ने कहा है कि "ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 3" की पूरी जानकारी जल्द ही ईरानी जनता को दी जाएगी। दूसरी ओर, इजरायल ने भी संकेत दिए हैं कि यह अंत नहीं है और उनकी ओर से जवाबी कार्रवाई की संभावना बरकरार है। इस पूरे घटनाक्रम ने वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए गंभीर चिंता पैदा कर दी है। यदि दोनों देशों ने पीछे हटने की बजाय आक्रामक रुख अपनाया, तो यह संघर्ष पूरी दुनिया को प्रभावित कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications