Iran में बिगड़े हालात, भारत की बड़ी एडवाइजरी, कहा- जो साधन मिले, तुरंत निकलें, हेल्पलाइन नंबर भी जारी
India Advisory To Citizens In Iran: ईरान में बढ़ते तनाव और संभावित अमेरिकी हमलों की आशंका के बीच भारत ने अपने नागरिकों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास (Embassy of India, Tehran) ने 23 फरवरी 2026 को स्पष्ट शब्दों में कहा है कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय "उपलब्ध किसी भी यातायात साधन से देश छोड़ दें", जिसमें कमर्शियल फ्लाइट्स भी शामिल हैं। यह सलाह छात्रों, तीर्थयात्रियों, कारोबारी प्रतिनिधियों और पर्यटकों सभी पर लागू है।
दूतावास ने 14 जनवरी 2026 की एडवाइजरी को दोहराते हुए कहा है कि सभी भारतीय नागरिक और पीआईओ (Persons of Indian Origin) अतिरिक्त सावधानी बरतें। प्रदर्शन या विरोध वाले इलाकों से दूर रहें, स्थानीय मीडिया पर नजर बनाए रखें और दूतावास के संपर्क में रहें।

नागरिकों से यह भी कहा गया है कि वे अपने पासपोर्ट, वीजा और अन्य जरूरी पहचान दस्तावेज हमेशा अपने पास रखें, ताकि आपात स्थिति में तुरंत यात्रा की जा सके। किसी भी तरह की मदद के लिए दूतावास से संपर्क करने की अपील की गई है।
हेल्पलाइन नंबर और ईमेल जारी (Emergency Contact)
भारतीय दूतावास ने आपातकालीन नंबर भी जारी किए हैं: +989128109115, +989128109109, +989128109102, +989932179359।
ईमेल: [email protected]
ईरान में मौजूद भारतीयों से दूतावास के साथ अपना पंजीकरण कराने को भी कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर समन्वय आसान हो सके।
क्यों बढ़ा ईरान में खतरा? (Iran Protest Update)
यह एडवाइजरी ऐसे समय आई है जब ईरान में नए सिरे से सरकार विरोधी प्रदर्शन भड़क उठे हैं। जनवरी में मारे गए लोगों की 40वें दिन की श्रद्धांजलि के बाद विरोध तेज हुआ। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, राजधानी तेहरान की पांच यूनिवर्सिटियों और मशहद में छात्रों ने प्रदर्शन किया।
एएफपी द्वारा जियोलोकेट किए गए एक वीडियो में Sharif University of Technology के बाहर बड़ी भीड़ सरकार विरोधी नारे लगाती दिखी। कुछ छात्र पूर्व राजशाही के झंडे लहराते नजर आए।
इन घटनाओं के बीच अमेरिका की संभावित सैन्य कार्रवाई की चर्चा ने हालात को और संवेदनशील बना दिया है। ऐसे में भारत ने एहतियातन अपने नागरिकों को सुरक्षित वापसी की सलाह दी है।
स्थिति तेजी से बदल रही है। इसलिए ईरान में रह रहे भारतीयों के लिए यही संदेश है-सतर्क रहें, दस्तावेज तैयार रखें और जो भी सुरक्षित साधन उपलब्ध हो, उससे जल्द से जल्द देश छोड़ने पर विचार करें।












Click it and Unblock the Notifications