2 सेकंड का वो वीडियो, जिसकी वजह से ईरानी विदेश मंत्री ने कैसिंल कर दी भारत की यात्रा, क्यों है विवाद?
भारत और ईरान के बीच काफी अच्छे संबंध रहे हैं और भारत ने ईरान में चाबहार बंदरगाह भी बनाया हुआ है, जिससे अफगानिस्तान होते हुए मध्य एशिया के लिए भारत को व्यापार मार्ग मिलता है।

Iran Foreign Minister News: 2 सेकंड के एक वीडियो क्लिप की वजह से ईरान के विदेश मंत्री होसैन आमिर-अब्दुल्लाहियान ने अपना भारत का दौरा रद्द कर दिया है। दरअसल, ये वीडियो ईरान में पिछले साल सितंबर महीने से चल रहे एंटी-हिबाज विरोध प्रदर्शन को लेकर है, जिसने ईरान की इस्लामिक सरकार के लिए मुसीबत पैदा कर रखी है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इन्हीं विरोध प्रदर्शनों को लेकर एक वीडियो के 2 सेकंड की क्लिप ने ईरान सरकार को इतना परेशान कर दिया, कि ईरानी विदेश मंत्री ने अपना भारत का दौरा रद्द कर दिया है।

वीडियो क्लिप से मचा बवाल
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्री होसैन आमिर-अब्दुल्लाहियान 3 और 4 मार्च को भारत में होने वाली रायसीना बैठक के लिए भारत की यात्रा करने वाले थे। भारत में हर साल रायसीना संवाद आयोजित किया जाता है, जिसे भारतीय विदेश मंत्रालय के साथ ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) आयोजित करता है। ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन यानि ओआरएएफ भारत का एक प्रमुख थिंक टैंक है और ओआरएफ के ही एक वीडियो को लेकर ईरानी विदेश मंत्री ने भारत का दौरा रद्द किया है। इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से बताया है, कि ओआरएफ के वीडियो को लेकर ईरान ने अपनी नाराजगी जताई थी, लेकिन भारत सरकार ने वीडियो को लेकर कोई नरमी के संकेत नहीं दिए, जिसके बाद ईरानी विदेश मंत्री ने भारत का दौरा रद्द कर दिया।

2 सेकंड के वीडियो क्लिप में क्या है?
दरअसल, रायसीना संवाद के लिए जो वीडियो बनाया गया है, उसमें ईरान में चल रहे विरोध प्रदर्शन का 2 सेकंड का क्लिप है, जिसमें ईरानी महिलाओं को अपना बाल काटते दिखाया गया है। उस क्लिप में ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी की भी तस्वीर है, जिसने तेहरान को परेशान कर दिया और ईरानी विदेश मंत्री ने भारत का दौर रद्द कर दिया। रायसीना डायलॉग का ये प्रमोशनल वीडियो करीब एक महीने पहले जारी किया गया था, जिसमें इवेंट के 2023 संस्करण की घोषणा की गई थी। क्लिप में, केवल दो मिनट के भीतर, ईरानी राष्ट्रपति की एक तस्वीर के साथ विरोध में ईरानी महिलाओं के बाल काटने का दो सेकंड का शॉट दिखाया गया है। इसी वीडियो ने ईरानी दूतावास को नाराज कर दिया, जो विदेश मंत्री अमीर-अब्दुल्लाहियान की भारत यात्रा की तैयारी कर रहा था। सूत्रों ने कहा, कि ईरानी दूतावास ने इस मुद्दे को लेकर ओआरएफ और विदेश मंत्रालय से भी संपर्क किया था और वीडियो क्लिप को लेकर अपनी आपत्ति जताई थी। ईरानी दूतावास ने वीडियो को हटाने की अपील की थी, लेकिन कार्यक्रम के आयोजक वीडियो से ईरान संबंधित क्लिप हटाने के लिए तैयार नहीं हुए।
Recommended Video


रायसीना संवाद में हिस्सा नहीं लेगा ईरान
कार्यक्रम के आयोजकों के वीडियो क्लिप से ईरान का हिस्सा हटाने से इनकार करने के बाद ईरानी सरकार ने आयोजकों को सूचित किया है, कि ईरान के विदेश मंत्री रायसीना डायलॉग के लिए भारत की यात्रा नहीं कर पाएंगे। आपको बता दें, कि रायसीना डायलॉग की शुरूआत साल 2016 में की गई थी, जिसका मकसद वैश्विक राजनीति में भारत को एक प्रमुख शक्ति के तौर पर प्रस्तुत करना है। पिछले साल इसके सातवें संस्करण का आयोजन किया गया था। जबकि, 2021 में कोविड महामारी की वजह से ये सम्मेलन वर्चुअल हुआ था। पिछले साल रायसीना डॉयलॉग का प्रमुख मुद्दा जियो पॉलिटिक्स और जियो-इकोनॉमिक्स था और पिछले साल कार्यक्रम की मुख्य अतिथि यूरोपीय यूनियन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयन थीं।

ईरान में चल रहा है विरोध प्रदर्शन
आपको बता दें, कि पिछले साल सितंबर महीने में ईरान की मोरल पुलिस ने 22 साल की कुर्द लड़की महसा अमीनी को राजधानी तेहरान में 'सही तरीके से हिजाब नहीं पहनने' का आरोप लगाकर गिरफ्तार कर लिया था और बाद में पुलिस हिरासत में महसा अमीनी की संदिग्ध मौत हो गई थी। महसा अमीनी के परिवार ने ईरान की मोरल पुलिस पर अपनी बेटी के साथ बर्बर तरीके से मारपीट का आरोप लगाया था और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महसा अमीनी के सिर में गंभीर चोटें और रीढ़ की हड्डी में गहरे जख्म मिले थे। वहीं, महसा अमीनी की मौत के बाद पूरे ईरान में भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और 20 हजार से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, ईरान सरकार ने कई प्रदर्शनकारियों को फांसी भी दे दी है, जिसके लिए इस्लामिक सरकार की पूरी दुनिया में आलोचना की जा रही है। हालांकि, ईरान में चल रहे एंटी-हिबाज प्रदर्शन को लेकर भारत सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है और यूएनएचआरसी में ईरान को लेकर हुई वोटिंग में भी भारत ने हिस्सा नहीं लिया था।












Click it and Unblock the Notifications