Iran Crisis: आज किया जाएगा भारतीयों को एयर लिफ्ट, इमरजेंसी एडवाइजरी और हेल्पलाइन नंबर जारी
Iran Crisis: पश्चिम एशिया के प्रमुख देश ईरान में गृहयुद्ध जैसे बिगड़ते हालात और चरमराती अर्थव्यवस्था के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकालने की तैयारी तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक बड़ा रेस्क्यू प्लान तैयार किया है, जिसके तहत अगले 24 घंटों के भीतर पहली विशेष उड़ान भारतीयों को लेकर स्वदेश रवाना हो सकती है।
ईरान में रियाल की ऐतिहासिक गिरावट और महंगाई के खिलाफ शुरू हुए विरोध प्रदर्शन अब पूरे देश में फैल चुके हैं, जिनमें हजारों लोगों के मारे जाने की खबरें आ रही हैं। वर्तमान में वहां 10,000 से अधिक भारतीय फंसे हुए हैं, जिनमें बड़ी संख्या मेडिकल छात्रों की है। भारतीय दूतावास ने 'प्रस्थान अलर्ट' जारी करते हुए नागरिकों को प्रदर्शन वाले इलाकों से दूर रहने और उपलब्ध साधनों से तुरंत ईरान छोड़ने की सलाह दी है।

अगले 24 घंटे क्यों हैं महत्वपूर्ण?
विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, रेस्क्यू ऑपरेशन का पहला चरण कल से शुरू हो सकता है।
- तैयारी के निर्देश: प्रारंभिक सूची में शामिल भारतीय नागरिकों को सुबह 8 बजे तक पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है।
- दस्तावेज सत्यापन: ईरान में पढ़ रहे भारतीय छात्रों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने पासपोर्ट, वैध वीजा और जरूरी यात्रा दस्तावेज एक साथ रखें ताकि निकासी के समय कोई तकनीकी बाधा न आए।
- सरकारी मंजूरी: भारत और ईरान की सरकारों के बीच उड़ानों के लिए जरूरी 'क्लीयरेंस' की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
क्यों धधक रहा है ईरान?
ईरान में जारी अशांति के पीछे आर्थिक और मानवाधिकारों से जुड़े गहरे कारण हैं:
- मुद्रा का गिरना: ईरानी रियाल की कीमत में भारी गिरावट ने महंगाई को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है, जिससे आम जनता का जीना मुहाल हो गया है।
- देशव्यापी प्रदर्शन: शुरुआत में यह विरोध महंगाई के खिलाफ था, लेकिन अब यह सत्ता विरोधी आंदोलन में बदल चुका है।
- सुरक्षा बल और हिंसा: मानवाधिकार संगठनों का दावा है कि प्रदर्शनों को दबाने के दौरान हजारों लोग जान गंवा चुके हैं, जिससे स्थिति नियंत्रण से बाहर होती जा रही है।
भारतीय दूतावास की नई 'ट्रैवल एडवाइजरी'
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को एक औपचारिक एडवाइजरी जारी कर भारतीयों से अपील की है:
- यात्रा न करें: भारतीय नागरिक फिलहाल किसी भी काम के लिए ईरान की यात्रा करने से बचें।
- उपलब्ध साधन: जो नागरिक अभी वहां मौजूद हैं, वे व्यावसायिक उड़ानों या उपलब्ध अन्य साधनों का उपयोग कर जल्द से जल्द देश छोड़ दें।
- सतर्कता: किसी भी प्रकार की भीड़ या विरोध प्रदर्शन वाली जगहों पर जाने से सख्त परहेज करें।
आपातकालीन संपर्क सूत्र (Helpline Numbers)
किसी भी आपात स्थिति में फंसे भारतीय नागरिक या उनके परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
मोबाइल नंबर:
+98-9128109115
+98-9128109109
+98-9128109102
+98-9932179359
ईमेल आईडी: [email protected]
भारत सरकार तेहरान में अपने अधिकारियों के जरिए छात्रों और अन्य प्रोफेशनल्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पल-पल की निगरानी कर रही है।
ये भी पढ़ें: Air India का कारनामा! पहले ईरान का एयरस्पेस बंद, फिर दिल्ली में इंजन डैमेज, आफत में अटकी सांसे?












Click it and Unblock the Notifications