ईरान: मशहूर एथलीट के घर पर चलाया गया बुलडोजर, एंटी-हिजाब प्रदर्शन का किया था समर्थन
ईरान में 22 साल की महसा अमिनी की पुलिस हिरासत में मौत के बाद से लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं और अब ईरान सरकार ने मोरल पुलिस को खत्म कर दिया है।

Iran Anti-Hijab Protests: ईरान में प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सरकार की नाक में भले ही दम कर दिया हो और भारी प्रेशर के बाद ईरान की इस्लामिक सरकार ने देश की मोरल पुलिस को खत्म कर दिया हो, लेकिन ईरानी सरकार जनता के हाथों मिली हार से भड़की हुई है और उन लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन ले रही है, जिन्होंने प्रदर्शनकारियों का हौसला बढ़ाया है। ऐसी ही एक ईरानी सेलिब्रिटी हैं एल्नाज़ रेकाबी, जिनके घर पर ईरान सरकार ने बुलडोजर चलवा दिया है।

एल्नाज़ रेकाबी के घर पर बुलडोजर
ईरानी पर्वतारोही एल्नाज़ रेकाबी के पारिवारिक घर को ईरान सरकार ने ध्वस्त कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान सरकार ने प्रदर्शनकारी महिलाओं का समर्थन करने वाली एथलीट एल्नाज़ रेकाबी के घर को तोड़ दिया है। एल्नाज़ रेकाबी ने पिछले महीने एक अंतर्राष्ट्रीय टुर्नामेंट में बाल खोलकर हिस्सा लिया था और अपने तरीके से देश में चल रहे हिजाब विरोधी प्रदर्शन का समर्थन किया था, जिसकी अब उन्हें सजा मिली है। 33 साल की एल्नाज़ रेकाबी ने दक्षिण कोरिया में प्रतियोगिता में ईरान के अनिवार्य ड्रेस कोड का उल्लंघन किया था, हालांकि बाद में उन्होंने विवाद बढ़ने पर कहा था, कि उनका हेडस्कार्फ अनजाने में गिर गया था। आपको बता दें कि, पुलिस हिरासत में 22 साल की लड़की महसा अमिनी की मौत के बाद से ईरान में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। महसा अमिनी को ठीक से हिजाब नहीं पहनने के कारण गिरफ्तार किया गया था और उन के परिवार ने दावा किया है, कि उसे पुलिस हिरासत में पीट-पीटकर मार दिया गया।
वीडियो में दिख रहा ध्वस्त घर
ईरान से एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक घर को ध्वस्त देखा जा रहा है और इस वीडियो में ईरानी एथलीट एल्नाज रेकाबी के भाई को रोते हुए देखा जा रहा है। दावा किया गया है, कि ईरानी एथलीट का ये टूटा हुआ घर है। वहीं, ईरान की तसनीम समाचार एजेंसी ने पुष्टि की है, कि एथलीट के घर को ध्वस्त कर दिया गया है। हालांकि, इसमें सरकार के किसी प्रतिशोध की बात नहीं की गई है, बल्कि कहा गया है, कि एल्नाज़ रेकाबी का घर अवैध था और उनके पास घर बनाने का वैध परिमिट नहीं था, इसी वजह से उनके घर को तोड़ा गया है। वहीं, अभी तक एथलीट की तरफ से कोई बयान हीं आया है, लेकिन ईरान में अभी तक दर्जनों सेलिब्रिटी देश में चलने वाले विरोध प्रदर्शन का समर्थन कर चुके हैं और कई महिला अभिनेत्री कैमरे के सामने आकर अपने बाल काट चुकी हैं, जो ईरान में प्रदर्शन का प्रतीक बन चुका है।

ईरान में एथलीट्स के लिए नियम
आपको बता दें कि, ईरान में महिलाओं को अपने बालों को हेडस्कार्फ या हिजाब से ढंकना अनिवार्य है और एथलीट्स को भी हेडस्कार्फ के साथ ढीले कपड़े पहनने होते हैं। सरकार के नियमों के मुताबिक, महिला एथलीटों के लिए भी ड्रेस कोड का पालन करना अनिवार्य है, खासकर उस वक्त तो पूरी तरह से अनिवार्य होता है, जब वो किसी अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम में ईरान का प्रतिनिधित्व कर रही हों। जब एल्नाज़ रेकाबी प्रतियोगिता के बाद ईरान लौटी थी, तो उन्हें ईरान की नायिका बताकर उनका स्वागत किया गया था और वो बिना हेडस्कार्फ़ के हवाई अड्डे पर पहुंची थीं। हालांकि, उन्होंने काली टोपी पहना हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications