जानिए क्यों बिल गेटस ने कहा-'मेलिंडा के पास ब्वॉयफ्रेंड थे और मेरे पास था माइक्रोसॉफ्ट'
न्यूयार्क, 4 मई। माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स और उनकी पत्नी मेलिंडा गेट्स के तलाक की खबर ने सबको हिलाकर रख दिया है। लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि 27 साल का ये खूबसूरत रिश्ता आखिर टूटा क्यो?, लोग अपनी-अपनी तरह से दोनों के तलाक की वजह खोज रहे हैं। तो वहीं बिल गेट्स और मेलिंडा ने तलाक के पीछे का कारण बताने से मना कर दिया है हालांकि दोनों ने ये जरूर कहा है कि पति-पत्नी के रूप में तो दोनों अब साथ नहीं है लेकिन दोनों पार्टनर के रूप में समाजसेवी संस्था बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के लिए काम निरंतर करते रहेंगे।
Recommended Video

'इनसाइड बिल्स ब्रेन' डॉक्यूमेंट्री
फिलहाल गेट्स और मेलिंडा के अलग होने से लोग निराश और दुखीं हैं क्योंकि ये दोनों परफेक्ट कपल कहे जाते थे। इन दोनों ने प्रेम, शादी, परिवार और काम को अब तक बहुत ही खूबसूरती के साथ संभालते हुए दौलत-शौहरत की सीढ़ियां चढ़ी थीं। इस वक्त सोशल मीडिया पर दोनों को लेकर काफी बातें हो रही हैं। आपको बता दें कि साल 2019 में बिल गेट्स के जीवन पर बनी एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रसारित हुई थी।

'मेलिंडा के पास ब्वॉयफ्रेंड थे और मेरे पास था माइक्रोसॉफ्ट'
इस डॉक्यूमेंट्री का नाम था 'इनसाइड बिल्स ब्रेन', जिसमें उनके निजी जीवन के बारे में बताया गया था। डॉक्यूमेंट्री में दिखाया गया था कि साल 1987 में मेलिंडा ने माइक्रोसॉफ्ट ज्वाइन किया था और एक डिनर मीट में बिल पहली बार मेलिंडा से मिले थे। इसके बाद दोनों कई बार काम के सिलसिले में मिलने लगे थे और देखते ही देखते दोनों काफी क्लोज आ गए थे। इसी डॉक्यूमेंट्री में एक जगह बिल गेट्स कहते हैं कि 'उसके पास कई ब्वॉय फ्रेंड थे और मेरे पास माइक्रोसॉफ्ट था'।

'शादी को लेकर फैसला नहीं कर पा रहे थे बिल'
डॉक्यूमेंट्री में मेलिंडा ने हंसते हुए बताया था कि बिल मन ही मन मुझे चाहने लगे थे लेकिन मुझे लेकर कोई फैसला नहीं ले पा रहे थे और एक दिन अचानक उन्होंने मुझे अपने दिल की बात बता दी। मेलिंडा ने कहा कि मैं भी कुछ समझ नहीं पाई कि अब आगे क्या कहूं लेकिन बिल अपने दिल-दिमाग हर तरह से हमारे बारे में सोच चुके थे लेकिन वो शादी को लेकर फैसला नहीं कर पा रहे थे।

व्हाईट बोर्ड पर बिल ने लिखा था-शादी होने से फायदे और नुकसान
मेलिंडा ने कहा था कि एक दिन मैं उनके कमरे में गई तो मैंने देखा कि वो व्हाईट बोर्ड पर ये लिख रहे थे कि शादी होने से क्या फायदे है और क्या नुकसान। मेलिंडा ने कहा कि मुझे ये देखकर बहुत हंसी आई थी। इसी सब चक्कर में 7 साल निकल गए और साल 1994 में हमने शादी का फैसला किया और यकीन मानिए ये फैसला सही साबित हुआ। मालूम हो कि जिस समय दोनों ने शादी की थी उस वक्त बिल 38 बरस के और मेलिंडा 29 साल की थीं।
आखिर इतना खूबसूरत रिश्ता टूटा क्यों?
खैर ये बातें डॉक्यूमेंट्री की हैं, आज हकीकत में दोनों के प्यार की कहानी खत्म हो गई है और लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर इतना खूबसूरत रिश्ता टूटा क्यों। आपको बता दें कि बिल-मेलिंडा को शादी से तीन बच्चे हैं। फोर्ब्स के मुताबिक 124 बिलियन डॉलर (करीब 9.30 लाख करोड़ रुपये) के साथ बिल गेट्स दुनिया के चौथे सबसे अमीर इंसान हैं।












Click it and Unblock the Notifications