‘कनाडा की धरती से भारत के खिलाफ साजिश न रचने दें’, इंडियन वर्ल्ड फोरम की ट्रूडो सरकार से अपील
विभिन्न देशों में बसे भारतीय समुदाय के लिए काम करने वाले एक संगठन इंडियन वर्ल्ड फोरम ने कनाडा में भारतीय प्रवासियों का पीछा करने और उन पर हिंसा करने के लिए सिख फॉर जस्टिस सहित गैरकानूनी संगठनों की गतिविधियों की कड़ी निंदा की है।
इंडियन वर्ल्ड फोरम ने कनाडा सरकार से इस पर गंभीरता से विचार करने और कार्रवाई करने का आग्रह भी किया है। फोरम ने कहा कि खालिस्तानी आतंकी अर्शदीप सिंह ढल्ला और गुरपतवंत सिंह पन्नू सहित कुछ नापाक तत्व कनाडा की धरती से भारत के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।

IWF ने ऐसे किसी भी कार्य को रोकने को कहा है जो भारतीय प्रवासियों और कनाडा में उनके निवेश को खतरे में डाल सकता है, क्योंकि ऐसे कार्यों से संयुक्त राष्ट्र चार्टर और उसके सम्मेलनों की पवित्रता का उल्लंघन होगा।
एक प्रेस विज्ञप्ति में, IWF ने कनाडाई समाज में भारतीय प्रवासियों के महत्वपूर्ण आर्थिक और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला है। इस बात पर जोर दिया कि ईसाई, हिंदू, मुस्लिम और सिख सहित विभिन्न धार्मिक पृष्ठभूमि के व्यक्तियों ने कनाडा की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
फोरम ने कनाडा में प्रवासी भारतीयों और उनके पूजा स्थलों को बार-बार निशाना बनाए जाने की तरफ भी ध्यान आकर्षित किया है। फोरम ने न केवल कनाडा में बल्कि ऑस्ट्रेलिया, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) में भारतीय राजनयिक मिशनों और कर्मियों को निशाना बनाने का प्रयास करने वाले गैरकानूनी संगठनों की खतरनाक प्रवृत्ति की ओर भी इशारा किया है।
इससे पहलेभारत ने कनाडा में रह रहे भारतीय नागरिकों और छात्रों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया कि भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे कनाडा के उन क्षेत्रों और संभावित स्थानों की यात्रा करने से बचें जहां हाल-फिलहाल में भारतीयों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं हुई हैं।
आपको बता दें कि भारत सरकार की यह एडवाइजरी, कनाडा की एडवाइजरी के ठीक बाद आई है। मंगलवार को कनाडा ने भी अपने नागरिकों के लिए ऐसी ही एडवाइजरी जारी की थी।












Click it and Unblock the Notifications