Maldives News: मालदीव से निकलने लगे भारतीय सैनिक, राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने दी थी डेडलाइन
Maldives News: मालदीव की स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के 'इंडिया ऑउट' कैम्पेन के तहत 10 मई से पहले भारतीय सैनिकों की वापसी शुरू हो गई है और भारत ने अपने सैनिकों को द्वीप देश से बाहर निकालना शुरू कर दिया है।
मिहारू अखबार ने बताया है, कि अड्डू के सबसे दक्षिणी एटोल में तैनात लगभग 25 भारतीय सैन्य कर्मियों ने 10 मार्च से पहले देश छोड़ दिया है। 10 मई से पहले सैनिकों की वापसी की आधिकारिक तारीख पर भारत और मालदीव दोनों ने सहमति जताई थी।

मालदीव से भारतीय सैनिकों की वापसी
माले और नई दिल्ली के बीच बातचीत के बाद, दोनों पक्ष 10 मई तक देश से 89 भारतीय सैनिकों की वापसी पर तैयार हुए थे और तय किया गया था, कि भारतीय सैनिकों की जगह पर टेक्निकल टीम की मालदीव में तैनाती की जाएगी।
मिहारू ने बताया है, कि मालदीव में तैनात तीन भारतीय विमान, जिनमें दो हेलीकॉप्टर और एक फिक्स्ड-विंग विमान हैं, उनका संचालन सैनिकों की जगह पर आम भारतीय नागरिक करेंगे।
2 फरवरी को दिल्ली में हाई लेवल मीटिंग के बाद भारतीय सैनिकों की वापसी को लेकर सहमति बनी थी। हालांकि मालदीव या भारतीय अधिकारियों की तरफ से अभी तक इस बाबत कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मिहारू ने कहा है, कि मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल ने पुष्टि की है, कि भारतीय सैनिकों की वापसी शुरू हो गई है।
पिछले साल सत्ता में आने के बाद मुइज्जू ने प्रतिज्ञा की थी, कि मालदीव की विशाल समुद्री सीमा पर गश्त के लिए तैनात किसी भी भारतीय सुरक्षाकर्मी को अनुमति नहीं दी जाएगी।
भारत के पीछे हटने की समय सीमा नजदीक आते ही मालदीव ने 4 मार्च को चीन के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर कर लिए थे। मालदीव के रक्षा मंत्रालय ने कहा, कि यह सौदा "मजबूत द्विपक्षीय संबंधों" को बढ़ावा देने के लिए है और चीन अपने कर्मचारियों को उसी के तहत प्रशिक्षित करेगा। माना जा रहा है, कि मालदीव और चीन के बीच सीक्रेट समझौता हुआ है और भविष्य में मालदीव में चीनी सैनिकों की तैनाती हो सकती है।
वहीं, पिछले हफ्ते राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने कहा था, कि 10 मई के बाद सादी वर्दी में भी भारतीय सैनिकों को मालदीव में रहने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उनकी टिप्पणी तब आई थी, जब एक भारतीय नागरिक दल तीन विमानन प्लेटफार्मों में से एक का कार्यभार संभालने के लिए मालदीव पहुंचा था।
मोहम्मद मुइज्जू ने कहा था, कि "10 मई को देश में कोई भी भारतीय सैनिक नहीं होगा। न वर्दी में और न ही नागरिक कपड़ों में। भारतीय सेना किसी भी प्रकार के कपड़ों में इस देश में नहीं रहेगी। मैं यह विश्वास के साथ कहता हूं।"
जनवरी में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की लक्षद्वीप यात्रा के खिलाफ मालदीव के राजनेताओं की अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर भारत और मालदीव के बीच राजनयिक विवाद शुरू हो गया, जिससे दोनों देशों के बीच संबंधों में तनाव आ गया है।
इस बीच, पिछले महीने भारत ने कहा था, कि वह मालदीव से लगभग 130 किलोमीटर उत्तर में अपने "रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण" लक्षद्वीप में अपनी नौसेना बलों को मजबूत कर रहा है। भारतीय नौसेना ने कहा, कि मिनिकॉय द्वीप पर बेस बनाया जा रहा है, जिसका ऑपरेशन जल्द ही शुरू हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications