Canada में भारतीय छात्रा की चाकू से गोद-गोदकर हत्या, गुजरात से गई थी पढ़ने, किस वजह से उतारा मौत के घाट?
Indian Student Killed In Canada: कनाडा के नियाग्रा क्षेत्र (Niagara Region) में गुजरात की 22 साल की भारतीय छात्रा विधि कल्पेशभाई मेघानी (Vidhi Kalpeshbhai Meghani) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। विधि चार साल पहले गुजरात के आणंद जिले (Anand District) से हायर एज्युकेशन के लिए कनाडा गई थीं। इस घटना के बाद कनाडा में रहने वाले भारतीय समुदाय में डर और गुस्से का माहौल है।
दिनदहाड़े हुआ हमला
कनडाई मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 15 मई को विधि अपने घर से बाहर निकली थीं, तभी उन पर हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उन पर चाकू से कई वार किए गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और मृत घोषित कर दिया।

नियाग्रा रीजनल पुलिस (Niagara Regional Police) ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल आसपास के CCTV फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
क्यों हुई हत्या?
इस हमले के पीछे की असली वजह अभी तक सामने नहीं आई है। शुरुआती रिपोर्ट्स में इसे लूटपाट की असफल कोशिश बताया गया था, लेकिन पुलिस ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि, इस घटना के बाद कनाडा में भारतीयों के खिलाफ बढ़ती हिंसा और नस्लवादी घटनाओं को लेकर फिर से बहस तेज हो गई है। कई लोग इसे भारतीय समुदाय के खिलाफ बढ़ते हमलों की एक और बड़ी घटना मान रहे हैं।
पहले भी भारतीय छात्रों को बनाया गया निशाना
यह पहली बार नहीं है जब कनाडा में किसी भारतीय छात्र की हिंसक घटना में जान गई हो। मार्च महीने में मध्य प्रदेश के रहने वाले 25 साल के छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा (Gurkirat Singh Manocha) की ब्रिटिश कोलंबिया (British Columbia) में कई लोगों द्वारा किए गए हमले के बाद मौत हो गई थी।
इसके अलावा पिछले साल पंजाब के तरनतारन की हससिमरत कौर रंधावा (Hassimrat Kaur Randhawa) की ओंटारियो (Ontario) में एक आवारा गोली लगने से जान चली गई थी। इन घटनाओं ने विदेश में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
2014 से 2019 के बीच 172 भारतीय छात्रों की मौत
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 2014 से 2019 के बीच कनाडा में कुल 172 भारतीय छात्रों की मौत हुई थी। इनमें से ज्यादातर मौतें प्राकृतिक कारणों से हुई थीं, लेकिन कम से कम नौ छात्रों की मौत हमलों या हिंसक घटनाओं के कारण हुई। इन आंकड़ों ने लंबे समय से भारतीय छात्रों की सुरक्षा और मानसिक तनाव को लेकर चिंता बढ़ाई हुई है।
भारतीय समुदाय और मंदिर भी रहे निशाने पर
सिर्फ छात्रों पर हमले ही नहीं, बल्कि कनाडा में भारतीय अधिकारियों, भारतीय दूतावासों और हिंदू मंदिरों को भी कई बार निशाना बनाया गया है। पिछले कुछ वर्षों में भारतीय समुदाय के खिलाफ धमकी, तोड़फोड़ और हिंसा की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
विदेश में भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
विधि मेघानी की हत्या के बाद एक बार फिर विदेशों में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। खासकर कनाडा में बढ़ती हिंसक घटनाओं ने भारतीय परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर कनाडाई पुलिस की जांच पर है कि आरोपी कब पकड़ा जाएगा और इस हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।















Click it and Unblock the Notifications