अमेरिका में भारतीय इंजीनियर की गोली मारकर हत्या, अश्वेत शख्स ने किया हमला
साई चरण नक्का पिछले दो सालों से बाल्टीमोर शहर में एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम कर रहे थे।
वॉशिंगटन, जून 22: अमेरिका में एक भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर साई चरण नक्का की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। 25 साल के साई चरण नक्का तेलंगाना के नलगोंडा जिले के रहने वाले थे और अमेरिका में एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर थे। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

तेलंगाना के थे निवासी
जानकारी के मुताबिक, अमेरिका के मैरीलैंड में कैटन्सविले के पास एक कार में यात्रा कर रहे साई चरण की एक अश्वेत व्यक्ति ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह अपने दोस्त को एयरपोर्ट पर छोड़ कर लौट रहे थे। उन्हें मैरीलैंड विश्वविद्यालय आर एडम्स काउली शॉक ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया था, जहां कुछ ही समय बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक, साई चरण नक्का के सिर में गोली मारी गई थी, जिससे वो बुरी तरह से जख्मी हो गये थे और अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी।
रिटायर्ड टीचर हैं साई के पिता
रिपोर्ट के मुताबिक, साई चरण नक्का पिछले दो सालों से बाल्टीमोर शहर में एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम कर रहे थे। वह तेलंगाना के नलगोंडा के सेवानिवृत्त शिक्षक नरसिम्हा के पुत्र हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य सदमे में आ गए हैं और उन्होंने भारत सरकार और तेलंगाना सरकार से शव को घर पहुंचाने में मदद करने की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications